मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के भूड़बराल में बृहस्पतिवार सुबह युवक का शव शीशम के पेड़ पर लटका मिला। ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस का कहना है कि शव की शनाख्त होने के बाद ही मौत का कारण पता चल सकेगा।
भूडबराल में वीरपाल प्रधान के खेत हैं। बृहस्पतिवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में स्थित शीशम के पेड़ पर एक युवक का शव लटका देखा। सूचना पर ग्राम प्रधान और अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। गांव प्रधान ने सूचना कंट्रोल रूम को दी। इंस्पेक्टर परतापुर नीरज मलिक मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने बताया कि युवक की उम्र करीब 22 या 23 साल की है। युवक ने आत्महत्या की है या हत्या कर किसी ने शव को पेड़ पर लटकाया है इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने ग्रामीणों के अलावा आसपास के लोगों से भी जानकारी की, लेकिन शव की शनाख्त नहीं हो सकी। इंस्पेक्टर परतापुर का कहना है कि शनाख्त नहीं होने तक 72 घंटे के लिए शव को मेडिकल कॉलेज स्थ्ति मोर्चरी में रखवा दिया।