यूपी के सहारनपुर जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल के रास्ते फरार हो गया। पुलिस का दावा है कि गिरफ्त में आया बदमाश रिलायंस पेट्रोल पंप लूट में शामिल था। जिसके कब्जे से नगदी भी बरामद की गई है।
मंगलवार की रात्रि करीब एक बजे इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम कासिमपुरा गांव में रेलवे फाटक के समीप वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान शुगर मिल की ओर से आई एक बाइक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो उस पर सवार दो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। जिसमें कई पुलिसकर्मी बाल बाल बचे। जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी करते हुए मोर्चा संभाल लिया और जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। जिसे पुलिस ने दबोच लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का लाभ उठाकर जंगल में घुस गया। जिसे पकड़ने के लिए पुलिस ने घंटों जंगल में कांबिंग की, लेकिन वह फरार होने में कामयाब रहा।