चुनावी रंजिश में मोहल्ले के ही लोगों ने पीड़ित के घर में घुसकर परिजनों की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी और घर में रखे सामान को तोड़ दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने वादी के पुत्र पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। शोर मचाने पर आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दो सगे भाइयों, एक महिला सहित नौ लोगों के खिलाफ घर में घुसकर जानलेवा हमला करने और अन्य संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। यह मामला मुजफ्फरनगर जिले का है।
शहर कोतवाली के मिमलाना रोड पर अरविंद कुमार पुत्र केशोराम बाल भारती स्कूल के पास परिवार के साथ रहता है। उसके अनुसार 12 मार्च की रात करीब साढे़ दस बजे घर के बाहर शोर शराबा हो रहा था। उसने बाहर जाकर मामले को जानने का प्रयास किया, तभी लाठी-डंडों से लैस मोहल्ले के आठ-दस लोग जबरदस्ती मकान में घुस गए और परिजनों की पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों ने घर में रखे सामान को पटक-पटककर तोड़ना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़ित के बेटे आयुष को जान से मारने की नीयत से उस पर फायर कर दिया। मामले का बढ़ता देख पीड़ित ने शोर मचाया तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। झगड़े में पीड़ित के कई परिजन चोटिल हो गए। पुलिस ने अरविंद की तहरीर पर मोहल्ले के ही दो भाइयों श्रवण और सुशील, अशोक, पिंटू, बबीता, विनोद, सुनील, प्रिंस, श्याम और एक अज्ञात के खिलाफ घर में घुसकर जानलेवा हमला करने, बलवा और तोड़फोड़ करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।