शास्त्रीनगर में ज्वैलरी शॉप लूट का मामला ठंडा भी नहीं हुआ कि बदमाशों ने रविवार दिनदहाडे़ गंगानगर में घनी आबादी के बीच एक और ज्वैलरी शॉप में डकैती को अंजाम दे डाला। दो बाइकों पर पहुंचे 6 हथियारबंद बदमाशों ने सराफ को गोली मारने की धमकी देकर 35 हजार रुपये और करीब आधा किलो सोनेे के जेवरात लूट लिए। यही नहीं ये लुटेरे यूपी-100 की गाड़ी के सामने से ही फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
परीक्षितगढ़ थानाक्षेत्र के पूठी गांव निवासी गौैतम राणा परिवार समेत गंगानगर स्थित गंगा ग्रीन सिटी कॉलोनी में रहते हैं। गंगानगर आई ब्लॉक चौराहा स्थित डॉ. नरेंद्र पाल की मार्केट में गौतम की शुभम ज्वैलर्स शॉप है। सुबह 11:30 बजे गौतम दुकान पर एक बुजुर्ग महिला को जेवर दिखा रहे थे। तभी दुकान के सामने दो बाइक (लाल पल्सर और सफेद रंग की अपाचे) आकर रुकीं। इन पर छह बदमाश सवार थे। जिनमें चार बदमाश मुंह पर रुमाल बांधकर दुकान में घुसे, जबकि दो बदमाश हेलमेट लगाए बाइक के पास ही खड़े रहे।
सराफ पर हमला बोला
बदमाशों ने दुकान में घुसते ही सराफ पर हमला बोल दिया। हथियारों के बल पर लॉकर खुलवा लिया। लॉकर में रखे सोने के हार, कुंडल, चेन, अंगूठी और अलमारी से 35 हजार रुपये बैग में भर लिए। बदमाशों ने धमकी दी कि अगर उनका पीछा करने का प्रयास किया तो वह गोली मार देंगे।
पीछा नहीं कर पाई पुलिस
वारदात के दौरान यूपी-100 की गाड़ी वहां से गुजरी। पुलिस की गाड़ी देख बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए एक बाइक से रजपुरा और दूसरी बाइक से भावनपुर की तरफ फरार हो गए। लूट का शोर सुनकर यूपी 100 की गाड़ी में सवार पुलिसकर्मियों ने बदमाशों का पीछा भी किया। लेकिन सफलता नहीं मिली।
वारदात के विरोध में हंगामा
आई ब्लॉक चौराहे पर घनी आबादी हैं। लोगों की आवाजाही लगी रहती है। दिनदहाडे़ ज्वैलरी शॉप में डकैती की वारदात होने पर व्यापारियों और लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंचे एसपी देहात और सीओ सदर देहात ने लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। वहीं कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल और जिला पंचायत सदस्य कुलविंदर सिंह ने कहा कि गंगानगर में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा हैं। पुलिस इसे जल्द कंट्रोल करे।
पड़ोसी ने बनाई वीडियो
सराफ के पड़ोस में मोबाइल शॉप है। इस दुकानदार ने पूरी वारदात की वीडियो बना ली। करीब सात मिनट की वीडियो में बदमाशों का कहर साफ दिखाई दे रहा है। पुलिस ने गंगानगर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी देखी। जिसमें मुंह पर रुमाल बांधने की वजह से बदमाशों की स्पष्ट पहचान नहीं हो पा रही है।
कोट
दिनदहाडे़ ज्वैलरी शॉप में डकैती की वारदात पुलिस के लिए चुनौती हैं। खुलासे के लिए गंगानगर पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया है। -जे. रविंदर गौड़, एसएसपी