यूपी के शामली शहर में मेरठ-करनाल हाईवे पर तीन बदमाशों ने कार सवार युवक को गोली मारकर गंभीर घायल कर दिया। बदमाशों ने युवक से 30 हजार रुपए, मोबाइल और पर्स लूट लिया। पुलिस ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस का दावा है कि पीड़ित के बार-बार बयान बदलने से घटना संदिग्ध लग रही है।
बुधवार रात चंडीगढ़ के डेरावासी निवासी कुलदीप सिंह ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी कि वह कार से करनाल होते हुए मथुरा वृंदावन जा रहा था। रात में रास्ता भटक गया और शामली पहुंच गया। उसके साथ उसकी महिला मित्र और उसकी मां भी कार में साथ थी। शामली के निकट मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव सिंभालका के निकट उसने रास्ता पूछने के लिए कार रोकी तो उसी समय तीन बदमाशों ने हथियारों से आतंकित कर उससे 30 हजार रुपए, मोबाइल और पर्स लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे दो गोली मारी, जिसमें एक गोली सीने में और एक बाजू में लगी।