लखनऊ के लविश और मिंडकाली (मुजफ्फरनगर) में प्रशांत व सौरभ हत्याकांड के आरोपी 75 हजार के इनामी अनिल उर्फ धनपत निवासी ककड़ीपुर (बागपत) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। असलहा बरामदगी के दौरान उसने सरकारी पिस्टल छीनकर पुलिस पर गोलियां बरसा दीं। मुठभेड़ में अनिल के साथ ही एक दरोगा भी घायल हुआ।
बुढ़ाना कोतवाली पुलिस ने सोमवार देर रात खतौली तिराहे पर चेकिंग में अनिल उर्फ धनपत को पकड़ा। देर रात करीब ढाई बजे असलहा बरामदगी के लिए पुलिस उसको गांव मिंडकाली के जंगल में ले गई और पिस्टल व कारतूस बरामद किए।
एसपी देहात नेपाल सिंह ने बताया कि लौटते वक्त अनिल ने दरोगा सुरेंद्र सिंह की सरकारी पिस्टल छीनकर फायरिंग कर दी। दरोगा राकेश शर्मा के हाथ में दो गोलियां लगीं, जबकि एक गोली दरोगा जयवीर सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी।
मुठभेड़ में पैर में गोली लगने पर अनिल दबोच लिया। एसपी देहात ने बताया कि लखनऊ के मोहनलाल गंज क्षेत्र में गत 17 मई को हुई लविश निवासी राठौड़ा (बागपत) की हत्या में 50 हजार और 23 मई को मिंडकाली में प्रशांत निवासी वाजिदपुर (बागपत) व सौरभ निवासी इटावा (मुजफ्फरनगर) की हत्या के बाद 25 हजार का इनाम घोषित हुआ था।