हाईवे स्थित यूरोपियन स्टेट कॉलोनी में रविवार देर रात चोर के शोर के बीच सीओ बागपत और पब्लिक के बीच भिड़ंत हो गई। सीओ पर आरोप है कि उन्होंने अपने हमराह के साथ पब्लिक के साथ जमकर मारपीट की। पिटाई के दौरान गार्डों के कपड़े तक फट गए। महिलाओं ने सीओ को घेर लिया तो तीखी नोकझोंक हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस भी सीओ से मामला जुड़ा होने पर वापस लौट गई। उधर, एसपी सिटी ने मामले में जांच कराने की बात कही है।
यह घटनाक्रम रविवार रात करीब 10:30 बजे का है। कॉलोनी में पिछले एक सप्ताह से चोर धावा बोल रहे हैं। रविवार को भी कॉलोनी में चोरों के आने का शोर मच गया। जिस पर कॉलोनी के लोग घरों से बाहर निकलकर आपस में चर्चा कर रहे थे। कॉलोनी में ही रहने वाले सीओ बागपत नरेंद्र प्रताप सिंह इस दौरान जीप लेकर उधर से निकल रहे थे।
लोगों को बाहर खड़ा देखकर उन्होंने उन्हें टोकते हुए रोजाना चोर-चोर का शोर मचाने पर नाराजगी जता दी। इसको लेकर उनकी लोगों से तीखी नोकझोंक हो गई। आरोप है कि सीओ द्वारा गालीगलौज करने का कॉलोनी वासी सुभाष ने विरोध कर दिया। जिस पर सीओ ने जीप से उतरकर उनकी पिटाई कर दी। कॉलोनी के गार्ड सोहनपाल, जाकिर व प्रेमपाल ने सुभाष को छुड़ाने की कोशिश की तो सीओ के हमराह सिपाहियों ने उन्हें भी जमकर पीट दिया। जिसमें उनके कपड़े तक फट गए। महिलाओं ने विरोध जताते हुए सीओ को घेर लिया। जिस पर महिलाओं और सीओ में नोकझोंक हो गई।
कंट्रोल रूम की सूचना पर इंस्पेक्टर एसके राणा फोर्स लेकर पहुंचे तो मामला सीओ से जुड़ा देखकर वापिस लौट गए। पीड़ितों ने सीओ के खिलाफ तहरीर देने की बात कही लेकिन पुलिस ने नहीं सुनी। उधर, पीड़ित सुभाष ने इसकी शिकायत एसपी सिटी ओपी सिंह से की। जिस पर उन्होंने सोमवार को जांच कराकर कार्यवाही का आश्वासन दिया।