दरोगा द्वारा दसवीं की छात्रा से दरिंदगी के मामले ने शुक्रवार को नया मोड़ ले लिया। छात्रा द्वारा कोर्ट में दर्ज कराए गए बयानों के आधार पर विवेचक ने दरोगा के साथ ताहिर के खिलाफ भी दुष्कर्म और संबंधित धाराएं लगा दी हैं। जबकि ताहिर के दो दोस्त भी इस मुकदमे में नामजद हुए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि आरोपी दरोगा अभी तक फरार है। पुलिस उसका गिरफ्तारी वारंट लेने की तैयारी में है।
इंस्पेक्टर टीपी नगर सचिन मलिक के अनुसार विगत 25 जनवरी को पीड़ित छात्रा के कोर्ट में सीआरपीसी की धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराए गए थे। इन बयानों का अवलोकन शुक्रवार को विवेचक ने किया था। जिसमें छात्रा ने दरोगा और ताहिर पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। साथ ही ताहिर के दो साथियों रईस और शहजाद पर अपहरण और छेड़छाड़ का आरोप लगाया। ये तीनों आरोपी तीन दिन से पुलिस हिरासत में हैं। जिन्हें बयानों का अवलोकन करने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
किस पर क्या धारा लगी
इंस्पेक्टर टीपी नगर के अनुसार आरोपी दरोगा संजीव कुमार और ताहिर निवासी खुशहाल नगर लिसाड़ी गेट पर अपहरण, दुष्कर्म, छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट लगा है। जबकि रईस और शहजाद निवासी भूमिया का पुल, लिसाड़ी गेट के खिलाफ अपहरण, छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट में नामजदगी की गई है। तीनों आरोपियों को शनिवार को जेल भेजा जाएगा। इस मुकदमे की विवेचना महिला थाना इंस्पेक्टर को सौंपी गई।
बयानों ने पलटी कहानी
विवेचक के मुताबिक छात्रा के कोर्ट में दर्ज कराए बयानों के बाद ही कहानी पलटी है। पुलिस बयानों के आधार पर अंदेशा जता रही है कि छात्रा से ताहिर ने पहले दुष्कर्म किया और अपने दोस्तों रईस, शहजाद के साथ उसको ब्रह्मपुरी थाने छोड़ आया, ताकि किसी को शक न हो। उसके बाद ही मासूम छात्रा से दरोगा ने दरिंदगी की। विवेचक का कहना है कि छात्रा के मुताबिक दरोगा ने होटल में दरिंदगी की, जिसकी पुष्टि हो चुकी है। तीनों युवकों ने उसके साथ कहां वारदात की, इसका खुलासा जांच के बाद होगा।
तो ताहिर भी साथ था
टीपी नगर पुलिस के मुताबिक बरामदगी के बाद छात्रा ने घर से खुद जाने की बात कही थी। छात्रा ने गुड़गांव और इटावा जाना और खुद वापस आना बताया था। लेकिन छात्रा के बयानों के बाद पुलिस अंदेशा लगा रही है कि छात्रा अकेली कहीं नहीं गई। ताहिर उसके साथ था। दो दिन साथ रखने के बाद ताहिर ने उसको पुलिस को सौंपा। हालांकि पुलिस का कहना है कि इसका खुलासा विवेचना में हो जाएगा। किसने क्या किया और तीन दिन क्या हुआ, इसकी जांच करनी महत्वपूर्ण है।
दरोगा का नाम नहीं जानती छात्रा
पुलिस के मुताबिक छात्रा ने अपने बयानों में दरोगा का नाम नहीं बताया। छात्रा ने सिर्फ इतना कहा कि पुलिस वाले अंकल ने होटल में ले जाकर गलत काम किया है। पुलिस वाले अंकल सामने आएंगे तो मैं उनको पहचान लूंगी। ताहिर, रईस और शहजाद का नाम छात्रा ने उजागर किया है। छात्रा ने अपने बयानों में बहुत कुछ बताया है। इन बिंदुओं पर भी विवेचना चल रही है।
यह है मामला
टीपी नगर इलाके की 10 वीं की एक छात्रा बीती 21 जनवरी को लापता हो गई थी। छात्रा के परिजनों ने 22 जनवरी को थाना टीपी नगर पर दूसरे समुदाय के एक युवक पर शक जताते हुए अपहरण का केस दर्ज कराया था। 23 जनवरी की रात दूसरे समुदाय के तीन युवक इस छात्रा को थाना ब्रह्मपुरी पुलिस को सौंप आए थे। 23 जनवरी की रात ही टीपी नगर पुलिस ने दूसरे समुदाय के इन तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया था। 24 जनवरी को छात्रा को टीपी नगर पुलिस ने परतापुर रेलवे स्टेशन से बरामद किया था। छात्रा ने थाना ब्रह्मपुरी के दरोगा संजीव कुमार पर एक होटल में ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। इससे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा तो मामला लखनऊ तक गूंज गया था।