नमस्ते कर लोगों को लूटने वाले गैंग के चार बदमाशों को दिल्ली की पूर्वी जिला पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। यह गैंग लूट की वारदातों का शतक लगा चुका है। गैंग का सरगना समेत दो बदमाश मेरठ के हैं, जबकि दो दिल्ली के हैं। इनके कब्जे से दो पिस्टल और जेवरात बरामद हुए हैं।
पूर्वी दिल्ली पुलिस के उपायुक्त ओमवीर सिंह के मुताबिक गिरफ्तार बदमाशों की पहचान जानी थाना क्षेत्र के गांव बहरामपुर निवासी जावेद मलिक उर्फ जेडी (29), नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर निवासी मो. शाहिद और दिल्ली निवासी वसीम मलिक (31) और इकरार अहमद उर्फ भूरा (34) के रूप में हुई है। इस गैंग का सरगना जावेद मलिक उर्फ जेडी है।
51 मामलों में थी तलाश
उपायुक्त ने बताया कि पुलिस को इस नमस्ते गैंग की 51 मामलों में तलाश थी। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली-एनसीआर में नमस्ते गैंग वारदात को अंजाम दे रहा था। जगतपुरी पुलिस इस गैंग पर वर्क कर रही थी। शुक्रवार देर रात पुलिस ने मुखबिर की सूचना इस गैंग के बदमाशों की घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। लेकिन उन्हें दबोच लिया।
एक दिन में छह लूट
पुलिस उपायुक्त के अनुसार यह गैंग दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में रहकर वारदात अंजाम दे रहा था। एक दिन में पांच से छह वारदातें करते थे। दिल्ली-एनसीआर में 100 से अधिक वारदातों को अंजाम दिया जा चुका था। पुलिस गैंग के बाकी सदस्यों की तलाश कर रही है। इंस्पेक्टर नौंचदी और जानी ने बताया कि दिल्ली पुलिस से जानकारी कर इन बदमाशों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
ऐसे करते थे वारदात
इस गैंग के बदमाशों का लूट करने का तरीका बिल्कुल अलग था। बदमाश चार-पांच लोगों के ग्रुप में निकलते थे। ऐसे लोगों या महिलाओं को ज्यादा टारगेट किया जाता था, जो जेवरात पहने हुए होते थे या कार में बैठे होते थे। टारगेट कर ये बदमाश पहले उस व्यक्ति या महिला को हाथ जोड़कर नमस्ते करते थे। जिससे उन्हें लगता था कि कोई जानकार होगा। नमस्ते ही वजह से वह रुक जाता था। उसके बाद बदमाश या तो उस व्यक्ति की कार में घुस जाते थे या पिस्टल दिखाकर उनके जेवरात लूट लेते थे।