युवक-युवती की मौत के बाद जमा भीड़
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर में युवती का रिश्ता दूसरी जगह तय होने से नाराज युवक ने गोली मार कर उसकी हत्या कर दी, फिर खुद को भी गोली से उड़ा लिया। बताया गया कि दोनों एक दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन उनके परिवार इसके लिए तैयार नहीं थे।
घटना मंडावली थाने के गांव कांठपुर में शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे हुई। मरने वाली युवती रेखा (23) गांव की पूर्व प्रधान सुमित्रा की पुत्री थी और युवक उनका पड़ोसी राजू पुत्र मुन्ने था। दोनों दलित बिरादरी से थे। रेखा के पिता ओमप्रकाश नलकूप विभाग से सेवानिवृत्त हुए हैं। घटना के वक्त रेखा के पिता ओमप्रकाश, मां सुमित्रा व छोटा भाई सुशील खेत में गए हुए थे। इसी दौरान राजू दीवार फांदकर छत के रास्ते युवती के घर में घुस गया। उसने पहले रेखा की कनपटी पर तमंचे से गोली मारी, फिर अपनी कनपटी पर गोली मारकर खुद को उड़ा दिया। दो गोलियों की आवाज सुनकर वहां लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की सूचना पर सीओ रामानंद कुशवाहा और मंडावली पुलिस भी वहां पहुंच गई। कमरे का दरवाजा भीतर से बंद होने पर कुंडा तोड़ा गया। पुलिस ने कमरे से 315 बोर का तमंचा, दो कारतूस और दो खोखे बरामद किए। एसपी अतुल शर्मा ने बताया कि प्रेम संबंधों में यह घटना हुई है।