आरोपियों के बारे में जानकारी देते एसपी
- फोटो : अमर उजाला
बागपत में पुलिस ने थाना खेकड़ा क्षेत्र के गांव हसनपुर मसूरी में आंबेडकर जयंती पर जुलूस निकालने के विवाद में भीम आर्मी के ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र को गोली मारने के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त दो पिस्टल, दो तमंचे, कारतूस और दो बाइक बरामद करने का दावा किया। पुलिस के अनुसार ग्राम प्रधान सहित तीन आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें जेल भेजा।
एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि हसनपुर मसूरी गांव में 16 अप्रैल को सुरेंद्र जाटव पुत्र श्रीचंद जाटव को गोली मारकर घायल किया। घायल के बेटे संजय ने खेकड़ा थाने में हरेंद्र पुत्र जगदीश, गौरव उर्फ लड्डू पुत्र जयप्रकाश, सुरेंद्र उर्फ बिल्लू पुत्र राजेंद्र, कपिल पुत्र जयपाल, रोहित पुत्र आनंद निवासी नूरपुर मुजविता, जयराम पुत्र लिच्छी, ग्राम प्रधान कालू उर्फ नवीन पुत्र राजू निवासी हसनपुर मसूरी और कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पांच आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए।
वहीं पुलिस ने गुरुवार को घिटोरा मोड़ से आरोपी हरेंद्र, गौरव उर्फ लड्डू, सुरेंद्र उर्फ बिल्लू और कपिल को गिरफ्तार कर लिया।