पल्लवपुरम में दो बदमाशों ने कार सवार इंजीनियर को गोली मार दी और फरार हो गए। फायरिंग होने पर आए लोगों को देखकर बदमाश भाग गए। कार में दो बच्चे भी थे, जो बाल-बाल बचे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों को पकड़ने में जुटी है।
पल्लवपुरम फेज दो, आर पाकेट में मकान संख्या 96 में राकेश त्रिपाठी रहते हैं। राकेश गंगानगर के एक इंस्टीट्यूट में एसोसिएट प्रोफेसर हैं। मंगलवार शाम उनकी मां सुमित्रा को इलाहाबाद जाना था। राकेश का इंजीनियर दोस्त सचिन शर्मा पास ही पल्लवपुरम पी पाकेट मकान संख्या ईडब्लूएस 404 में रहता है। राकेश ने दोस्त सचिन, बेटे आदित्य और बेटी परी को मां सुमित्रा को अपनी गाड़ी से सिटी स्टेशन छोड़ने के लिए भेज दिया। तीनों सुमित्रा को सिटी स्टेशन छोड़कर लौटे। सचिन गाड़ी को राकेश के घर के आगे खड़ी कर ही रहा था कि नकाबपोश दो बदमाशों ने उस पर फायर कर दिया। पहली गोली गाड़ी में और दूसरी सामने वाले शीशे में लगती हुई सचिन के हाथ में लगी। गनीमत रही कि आदित्य और परी को गोली नहीं लगी। फायरिंग और शोर होने पर पड़ोसी दौड़े, तो दोनों बदमाश बाइक पर फरार हो गए। सूचना पर इंस्पेक्टर पल्लवपुरम सतेंद्र प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
आखिर कौन थे हमलावर
एसोसिएट प्रोफेसर राकेश त्रिपाठी और इंजीनियर सचिन शर्मा ने किसी से रंजिश होने से साफ इंकार किया। जहां वारदात हुई, उसके सामने वाले मकान पर सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। पुलिस ने फुटेज देखी, जिसमें बदमाश तो दिखे, लेकिन उनका चेहरा या बाइक का नंबर नहीं दिखा। फुटेज में दिख रहा है कि बदमाशों ने सचिन को गोली मारने के बाद भी कार के तीन चक्कर काटे। इससे पता चलता है कि वे कितने बेखौफ थे।