छह माह पहले कोर्ट मैरिज करने वाले युवक ने अपनी पत्नी से दोस्तों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। फिर उसे मॉल में घुमाने के बहाने कोठे पर बेचने पहुंच गया। युवती किसी तरह वहां से भागी तो उसे दूध में जहरीला पदार्थ दे दिया गया। निजी अस्पताल में युवती की हालत गंभीर बनी है। पुलिस जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार लिसाड़ी गेट क्षेत्र निवासी करीब 19 वर्षीय युवती का क्षेत्र के ही युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने छह माह पहले कोर्ट में शादी कर ली थी। जिसके बाद यह दंपति लिसाड़ी गेट क्षेत्र में रह रहा था। आरोप है कि 15 दिन पहले युवक ने पत्नी को नशीला पदार्थ देकर दोस्तों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। इस दौरान आरोपी ने वीडियो क्लिप भी बना ली थी। जिसे सार्वजनिक करने की धमकी देकर पत्नी को देह व्यापार में उतरने का दबाव बना रहा था।
आरोप है कि शनिवार रात आरोपी पत्नी को मॉल में घुमाने ले जाने के बहाने क बाड़ी बाजार स्थित एक कोठे पर पहुंचा और पत्नी का 70 हजार रुपये में सौदा कर दिया। जिसके बाद युवती किसी तरह कोठे से जान बचाकर अपने घर पहुंची। जिसके बाद आरोपी ने उसे जान से मारने की नीयत से दूध में जहरीला पदार्थ दे दिया। युवती की हालत बिगड़ने पर आरोपी फरार हो गया। सीओ कोतवाली रणविजय सिंह का कहना है कि आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।