लोगों के द्वारा पकड़े गए मोबाइल चोरी के आराेपी।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस भले ही क्राइम कंट्रोल में फेल हो रही हो। लेकिन पब्लिक में अभी जज्बा बरकरार है। शहर में रविवार को पर्स लूट की दो घटनाओं में पब्लिक बदमाशों पर भारी पड़ी। तीन लुटेरों को दबोचकर जमकर पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया। साथ ही चेतावनी दी कि अगर पुलिस जल्द नहीं जागी तो जनता खुद ही बदमाशों से मोर्चा लेगी।
शास्त्रीनगर सेक्टर-3 निवासी सचिन नोएडा की एक कंपनी में जॉब करते है। जो पत्नी के साथ बाजार से पैदल लौट रहे थे। सेंट्रल मार्केट से तिरंगा गेट मार्ग पर बाइक सवार दो लुटेरों ने दंपति को गन प्वाइंट पर लेकर लूटपाट का प्रयास किया। लेकिन दंपति बहादुरी दिखाते हुए लुटेरों से भिड़ गया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने घेराबंदी कर दोनों लुटेरों को दबोच लिया। दोनों की जमकर पिटाई कर डाली। मौके पर पहुंचे एसएसआई नौचंदी अजय चौधरी ने दोनों को छुड़ाकर थाने भिजवाया। पब्लिक ने चेतावनी दी कि अगर लुटेरों को सड़कों पर खुलेआम घूमने की पुलिस परमीशन देगी तो जनता को खुद मोर्चा संभालना पड़ेगा। एसएसआई ने लोगों को शांत करते हुए सचिन से तहरीर लेकर आरोपी सब्बू उर्फ अलाउद्दीन और सरताज निवासी खत्ता रोड, ब्रह्मपुरी पर केस दर्ज किया।
लुटेरों को दौड़ाकर पीटा
ईदगाह चौराहा पर एक महिला से बाइक सवार दो लुटेरों ने मोबाइल फोन लूट लिया। महिला के शोर पर हड़बड़ाहट में लुटेरों की बाइक फिसल गई। आसपास के लोगों ने घेराबंदी की तो एक आरोपी बाइक लेकर भाग गया, जबकि दूसरा घंटाघर की तरफ पैदल भागा। लोगों ने पीछा कर उसे कबाड़ी बाजार में घेरकर पकड़ लिया। जहां उसे जमकर पीटकर उससे महिला का लूटा मोबाइल बरामद किया। सूचना पर ब्रह्मपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी दिनेश सिंह ने बताया है कि आरोपी आदिल लिसाड़ीगेट निवासी है। पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।