नंदनगरी इलाके में रविवार दोपहर गिल्ली-डंडे के खेल में हुए झगड़े के बाद दो समुदाय आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। बवाल में चार लोग जख्मी हो गए।
भीड़ ने एक कार व दुकान में भी तोड़फोड़ कर डाली। खबर मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर मौके से हटाया। फिलहाल इलाके में तनाव है। वरिष्ठ अधिकारियों ने इलाके में पुलिस बल तैनात कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नंद नगरी बी-ब्लॉक में दोपहर करीब 2.00 बजे कुछ किशोर गिल्ली-डंडा खेल रहे थे। इसी दौरान लड़कों का आपस में झगड़ा हो गया। कुछ ही देर में दोनों ही ओर से भीड़ एकत्रित हो गई। नोंकझोंक के बाद दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया।
भीड़ ने बी-ब्लॉक में ही खड़ी एक सेंट्रो कार व परचून की दुकान में तोड़फोड़ कर डाली। पत्थरबाजी में चार लोग जख्मी हो गए। खबर मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने समझा-बुझाकर हटाया। बवाल में घायल हुए लोगों को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। वहीं इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल को तैनात किया गया है।