परतापुर बाईपास पर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से एक डंफर टकरा गया। डंफर के में फंसकर हेल्पर की मौत हो गई। हेल्पर को दो घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। वहीं घायल दूसरे हेल्पर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना के कारण हाईवे पर जाम लगा रहा।
परतापुर में दिल्ली-देहरादून बाईपास स्थित गायत्री वैष्णो ढाबे के सामने पंक्चर होने के कारण एक ट्रक (यूपी 15एटी 7791) खड़ा था। इस दौरान मेरठ से दिल्ली की तरफ रेत से ओवरलोड एक डंफर जा रहा था। अचानक तेज रफ्तार डंफर अनियंत्रित होकर ट्रक में पीछे से घुस गया। हादसे में डंफर का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया और पिचक गया। इसमें बैठा हेल्पर सालीन (28) पुत्र अयूब निवासी रासाना थाना सरूरपुर फंस गया और उसकी मौत हो गई।
वहीं डंफर चालक शोएब पुत्र अयूब निवासी रासना मौके से फरार हो गया। उधर, दूसर हेल्पर सागर निवासी रासना बुरी तरह से घायल हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस के जरिये सागर को जिला अस्पताल भेजा। एसओ परतापुर राकेश कुमार यादव ने बताया कि सड़क किनारे खड़े ट्रक में तेज गति से आ रहा डंफर टकरा गया। इसमें एक युवक की मौत हो गई। डंफर को कब्जे में ले लिया है।
दो घंटे की मशक्कत के बाद निकला शव
डंफर के केबिन में फंसे सालीन को बाहर निकालने की कोशिश की गई, लेकिन सभी कोशिशें नाकाम रही। इस पर पुलिस को गैस कटर मंगाया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद क्रेन और गैस कटर की मदद से ट्रक और डंफर को अलग कर सालीन का शव निकाला गया। पुलिस ने शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा।
छह बहनों में अकेला भाई था सालीन
पुलिस ने सालीन के परिजनों को सूचना दी तो कोहराम मच गया। परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सालीन की छह बहने हैं। उसी पर परिवार की पूरी जिम्मेदारी थी। उन्होंने बताया कि सालीन के पिता कई महीने से जेल में बंद हैं।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
हादसे के कारण दिल्ली-देहरादून का एक तरफ से यातायात प्रभावित रहा। जिसके कारण करीब तीन घंटे तक बाईपास पर जाम लगा रहा और वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
मदद केबजाये वीडियो बनाते रहे राहगीर
घटना के बाद मदद केलिये आगे आने के बजाए राहगीर तमाशबीन बने रहे। लोग पुलिस की कार्रवाई की वीडियो बनाते रहे। जिसके कारण पुलिस को काम करने में खासी परेशानी हुई।