छपरौली (बागपत)। कस्बे में बिजली का मीटर खराब बताकर दो हजार से पहले पांच हजार रुपये की उगाही कर रहे ऊर्जा निगम के फर्जी जेई और एसडीओ को ग्रामीणों ने दबोच लिया। उनकी धुनाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को सौंपा। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस जांच में जुटी है कि आरोपियों ने कितने लोगों से ठगी की है और इनके साथ कौन-कौन लोग मिले हैं।
ऊर्जा निगम के अधिकारी बनकर सोमवार को ठगी करने के खेल का खुलासा हुआ। कसबा निवासी देशपाल सिंह की पत्नी सीमा से मीटर बदलने के नाम पर ढाई हजार रुपये ले लिए गए। देशपाल को मामला संदिग्ध लगा तो उन्होंने दोनों संदिग्धों को कस्बे में ही तलाशना शुरू किया। दोनों एक मकान के सामने खड़े मिल गए। आसपास के लोग एकत्र हो गए। लोगों ने दोनों से नाम, बिजलीघर और उनके अधिकारियों के विषय में जानकारी मांगी तो बगलें झांकने लगे। लोगों दोनों की धुनाई शुरू कर दी। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से उत्तर प्रदेश सरकार लिखी एक कार भी बरामद हुई है। इसमें कई बिजली के मीटर रखे हैं। सूत्रों के अनुसार आरोपियों ने क्षेत्र में करीब पचास लोगों को ठगा है। सूत्रों ने कहा ऊर्जा निगम के के कुछ कर्मियों की मदद से ही आरोपी लोगों को ठग रहे हैं। दूसरी तरफ थानाध्यक्ष बचन सिंह सिरोही ने बताया कि आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई होगी।