बदमाश सुलेमान को पैर में गोली लगी
फोटो समाचार
अमर उजाला ब्यूरो
दौराला। सरधना मार्ग पर बृहस्पतिवार शाम पुलिस एवं बाइक सवार बदमाशों में मुठभेड़ हो गई। फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। हालांकि दूसरा बदमाश खेतों में होता हुआ फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से तमंचा व कारतूस बरामद कर उसे सीएचसी में भर्ती कराया।
इंस्पेक्टर दौराला मिथुन दीक्षित के अनुसार बृहस्पतिवार शाम पुलिस दौराला-सरधना मार्ग पर चिरौड़ी नाले के समीप वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने दौराला से सरधना की तरफ आ रही बाइक रोकने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने बाइक दौड़ा दी। बदमाशों ने पीछा करने पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। बदमाशों की मछरी गांव के सामने रजवाहे किनारे घेराबंदी कर ली।
पुलिस की गोली बदमाश सुलेमान को लग गई। हालांकि दूसरा बदमाश जंगल से फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को दौराला सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से उपचार के बाद उसको मेडिकल के लिए रेफर कर दिया। इंस्पेक्टर दौराला मिथुन दीक्षित ने बताया कि घायल बदमाश खिवाई गांव निवासी सुलेमान एवं फरार साथी का नाम सलीम बताया है। सूचना पाकर पहुंचे सीओ दौराला अखिलेश भदौरिया ने घटना की जानकारी ली।
सरूरपुर, गंगानगर एवं बुढ़ाना थाने में दर्ज हैं मुकदमे
इंस्पेक्टर मिथुन दीक्षित ने बताया कि घायल बदमाश बेहद शातिर है। उस पर सरूरपुर, बुढ़ाना एवं गंगानगर थानों में लूट, हत्या, नकबजनी व पशु चोरी के दर्जनों मामले दर्ज हैं। वह गंगानगर से दो पशु चोरी के मामले में वांछित था। हालांकि फरार बदमाश के खिलाफ भी कई मुकदमे दर्ज बताए हैं।
दोनों पक्षों में समझौता कराया
मवाना। कस्बा निवासी अंतर्राष्ट्रीय हिंदू बजरंग दल के नवनीत चौहान चौकी में बंद महिला कांस्टेबल से छेड़छाड़ के आरोपी से बिना पुलिस की अनुमति के बातचीत करने लगे। इसका चौकी इंचार्ज ने विरोध किया। इस पर दोनों के बीच नोकझोंक हुई। इसको लेकर हंगामा हो गया। चौकी इंचार्ज ने इसकी शिकायत थाना प्रभारी से की। इस पर एसएसआई पंकज शर्मा ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कर दिया। हालांकि इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कार्रवाई नहीं की गई है।