- कालेज जाने के लिए घर से निकला था कक्षा 9 का छात्र
- छात्र के अनुसार कार सवार चार बदमाशों ने किया था अपहरण
खरखौदा। हापुड़ के गांव जोगीपुरा निवासी कक्षा 9 के छात्र का कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। शाम तक जब बच्चा घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर करीब 9 घंटे बाद पुलिस ने छात्र को गन्ने के खेत से बंधक अवस्था में बरामद कर लिया। इस मामले में छात्र के परिजनों ने थाने में कोई तहरीर नहीं दी है।
जोगीपुरा निवासी पप्पू का 13 वर्षीय बेटा अंकित मेजर आशा राम स्मारक इंटर कालेज पांची में कक्षा नौ का छात्र है। गांव से इसके अलावा अन्य छात्र भी इस कालेज में पढ़ने के लियेे आते हैं। शुक्रवार को भी अंकित तथा गांव का ही अमित पुत्र विजय दोनों अपनी अपनी साइकिल से गांव से कालेज के लिये चले थे। अंकित के अनुसार कालेज से कुछ पहले ही उसकी साइकिल की चैन उतर गयी। वह साइकिल से उतरकर चैन ठीक करने लगा। इस बीच अमित उसे वहीं पर छोड़कर कालेज चला गया।
अंकित ने बताया कि जब वह चैन ठीक कर रहा था तभी कार सवार चार युवक वहां पहुंचे और उन्होंने बताया कि उसके पिता ने उसे बुलाया है। बाद में तीन युवकों ने छात्र को जबरन कार में डाल लिया तथा एक छात्र की साइकिल लेेकर चला गया। देर शाम तक जब छात्र घर नहीं पहुंचा, तो अंकित के परिजन दूसरे छात्र के पास पहुंचे और उसके बारे में जानकारी की। दूसरे छात्र ने अंकित की साइकिल की चैन खराब होना बताया।
परिजन शंका के आधार पर अंकित की खोजबीन को निकले। जैसे ही रास्ते में पड़ने वाले गांव कैली निवासी संदीप के नलकूप पर पहुंचे तो अंकित की किताबें नलकूप पर पड़ी मिली। जिस पर किसी अनहोनी की आशंका में अंकित के परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर खरखौदा पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ आसपास के खेतों में सर्च किया। खोजबीन के दौरान अंकित बंधक अवस्था में संदीप की ही गन्ने के खेत में मिला। छात्र के हाथ और पैर उसके जूतों के फीते से बंधे थे। बाद में पुलिस ने खेतों में बदमाशों की खोजबीन की लेकिन सफलता नहीं मिली सकी। इस मामले में परिजनों ने थाना पर कोई तहरीर नहीं दी है।
वर्जन.......
छात्र को सकुशल बरामद कर लिया है। यदि परिजनों की ओर से इस मामले में कोई तहरीर आती है तो कार्रवाई की जायेगी। राजेंद्र त्यागी, इंस्पेक्टर खरखौदा।