मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मोहिउद्दीनपुर शुगर मिल के कार्यक्रम के मद्देनजर छह जनवरी को एनएच-58 पर भारी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। यहां इस दौरान रूट डायवर्जन रहेगा।
एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी ने बताया कि इस रूट पर वाहनों का काफी दबाव रहता है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में लोग आने की संभावना है। इसी वजह से आम लोगों को परेशानी से बचाने के लिए ही ये व्यवस्था की गई है। ये व्यवस्था छह जनवरी की सुबह से ही लागू हो जाएगी और कार्यक्रम समाप्ति के बाद मार्ग पर स्थिति सामान्य होने तक लागू रहेगी।
ये रहेगा रूट डायवर्जन
- मुजफ्फरनगर से दौराला परतापुर होते हुए गाजियाबाद और दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहनों को कस्बा दौराला से डायवर्ट कर दिया जाएगा। ये वाहन दौराला, कस्बा लावड़, मसूरी ,किठौर से होते हुए हापुड़ की ओर जाएंगे।
- शामली की ओर से परतापुर होकर दिल्ली, गाजियाबाद जाने वाले वाहनों को सरधना के नानू पुल से सरधना की ओर डायवर्ट कर दिया जाएगा। ये वाहन दौराला, लावड़, मसूरी, मवाना और किठौर से हापुड़ होकर जाएंगे।
- बागपत, बड़ौत से दिल्ली, अलीगढ़ मुरादाबाद जाने वाले वाहनों को परतापुर तिराहे से डायवर्ट कर बिजली बंबा बाईपास से बिजली बंबा खरखौदा से हापुड़ होकर भेजा जाएगा।
- हापुड़ से खरखौदा जाने वाले भारी वाहनों को खरखौदा मोड़ से डायवर्ट कर बिजली बंबा बाईपास से चौकी बिजली बंबा बाईपास की ओर से शॉप्रिक्स मॉल तिराहा से निकाले जाएंगे।
- गाजियाबाद की ओर से एनएच-58 होकर मेरठ या मुजफ्फरनगर आने वाले वाहनों को गाजियाबाद पुलिस द्वारा मोदीनगर से ही डायवर्ट कर दिया जाएगा।
आज एटीएस का डेरा
मेरठ। सीएम के कार्यक्रम में कडे़ सुरक्षा इंतजाम हो रहे हैं। इसके लिए लखनऊ से एटीएस के अधिकारी शुक्रवार को मेरठ पहुंच जाएंगे। खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। एसपी सिटी मान सिंह चौहान के अनुसार कार्यक्रम में 8 एएसपी, 25 डीएसपी, 300 दरोगा, 1200 कांस्टेबल, 10 कंपनी पीएसी के जवान तैनात रहेंगे। एटीएस भी शुक्रवार को मेरठ पहुंचकर कार्यक्रम स्थल को अपने घेरे में ले लेगी। इसके अलावा खुफिया एजेंसियां के अधिकारी भी पहुंच गए हैं। एसएसपी मंजिल सैनी कार्यक्रम की मॉनिटरिंग कर रही हैं।
खास बातें:
सीएम के मोहिउद्दीनपुर शुगर मिल के कार्यक्रम के मद्देनजर हुआ डायवर्जन
कार्यक्रम के बाद हाईवे पर स्थिति सामान्य होने तक लागू रहेगी यह व्यवस्था