मोबाइल डील के बहाने लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार
मेरठ। शॉपिंग साइट पर कंपनी से आधी कीमत पर मोबाइल फोन बेचने का विज्ञापन देना, पार्टी को डीलिंग करने बुलाना और फिर तमंचा दिखाकर कैश लूट लेना। ऐसे दो लुटेरों को ब्रह्मपुरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
सीओ ब्रह्मपुरी अखिलेश भदौरिया के अनुसार रामनगर कंकरखेड़ा निवासी मनोज कुमार ने एक सोशल शॉपिंग साइट पर एक कंपनी के महंगे मोबाइल फोन का विज्ञापन देखा। मोबाइल उन्हें पसंद आया। रेट भी मार्केट से काफी कम था। उन्होंने विज्ञापन देने वाले से संपर्क किया तो उन्होंने रविवार को शॉप्रिक्स मॉल के पास एक सुनसान जगह पर डीलिंग को बुलाया। मनोज वहां पहुंचा तो वहां मिले दो युवकों ने उसे मोबाइल की डमी दिखाई। तभी ये दोनों बदमाश मनोज से तमंचे के बल पर 25 हजार रुपये लूटकर भाग गए। मनोज ने ब्रह्मपुरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
सोमवार शाम ब्रह्मपुरी पुलिस ने शॉप्रिक्स मॉल के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों शोएब निवासी जाकिर कॉलोनी लिसाड़ी गेट और नवेद निवासी मलिक नगर जीतपुर मुरादनगर को पकड़ा। दोनों से तमंचा, कारतूस और मोबाइल की डमी मिली। पूछताछ में दोनों ने मनोज से लूट की घटना स्वीकार ली। सीओ के अनुसार इनसे लूटे गए 25 हजार में से 2500 रुपये बरामद किए गए हैं।
ऐसे फंसाते थे शिकार
सीओ ने बताया ये बदमाश प्रमुख कंपनी के महंगे मोबाइल की आधे से भी कम कीमत बताकर शॉपिंग साइट पर विज्ञापन डालते थे। लोग झांसे में आकर मोबाइल खरीदने के लिए इनसे संपर्क करते थे। डीलिंग के लिए ये पार्टी को किसी सुनसान जगह पर पेमेंट लेकर बुलाते थे और फिर लूट लेते थे। एक वारदात इन्होंने गाजियाबाद में भी करना बताया। वहीं, इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी सतीश राय के अनुसार नवेद के दोनों हाथों और पैरों में छह-छह अंगुलियां हैं।