अमर उजाला ब्यूरो
सरधना। कोतवाली पुलिस ने मुखबिर से सूचना पाकर दौलतपुर के जंगल में गंगनहर पटरी के निकट खेत में बुधवार देर रात छापा मारकर तमंचा बनाने की फैक्ट्री पकड़ी। पुलिस ने मौके से आधा दर्जन से अधिक बने एवं अधबने तमंचे बरामद किए। वहीं, भारी मात्रा में तमंचे बनाने का सामान एवं अन्य उपकरण बरामद किए। पुलिस ने घेराबंदी कर तीन बदमाशों को मौके से धर दबोचा। हालांकि उनका एक साथी फरार होने में कामयाब रहा।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौर को जानकारी मिली कि अटेरना-सलावा गंगनहर पटरी मार्ग पर दौलतपुर के जंगल में एक खेत में तमंचा बनाने की फैक्ट्री चल रही है। जिस पर वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी की। यहां पर तमंचे बना रहे बदमाश भाग खडे़ हुए। जिसमें से पुलिस ने घेराबंदी कर तीन बदमाशों को धर दबोचा। हालांकि उनका एक साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने मौके से 6 तमंचे, बीस नाल, 16 ट्रेगर, तीन स्प्रिंग, एक कंपास नाल, एक हथोड़ा, एक पेचकस, एक खोखा कारतूस, तमंचे की चाप के लिए लकड़ी, लोहा काटने की आरी, ब्लेड सात, घिसने की रेती बरामद की। पुलिस ने वसीम उर्फ काना पुत्र नफीस निवासी मोहल्ला इस्लामाबाद पकड़ा। उसके खिलाफ हाल ही में पुलिस पार्टी पर मुठभेड़ के बाद फायरिंग का भी मुकदमा दर्ज है। शादाब उर्फ घंटी पुत्र उस्मान निवासी मोहल्ला इस्लामाबाद तथा आसिफ पुत्र नईमुद्दीन निवासी टाउन हॉल रोड तकियाकैत को भी दबोचा। हालांकि उनका चौथा साथी फरमान पुत्र हनीफ निवासी पीरजादगान मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पकडे़ गए बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बृहस्पतिवार को चालान कर जेल भेज दिया। हालांकि फरार आरोपी फरमान की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौर, एसआई श्रीपाल सिंह, एसआई राजवीर सिंह, हेड कांस्टेबल संजीव कुमार, रामजीलाल, सुमित कुमार व चालक लोकेंद्र कुमार शामिल रहे। पुलिस ने हाल ही में मुल्हैड़ा एवं छुर के जंगल में भी तमंचा बनाने की फैक्ट्री पकड़ी थी। इसके बाद से पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ा हुआ है। थानाध्यक्ष का कहना है कि अवैध कारोबार से जुडे़ लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्य बातें
पुलिस ने गंगनहर पटरी के समीप दौलतपुर के जंगल स्थित फैक्ट्री से बने एवं अधबने तमंचे बरामद किए
पुलिस ने घेराबंदी करके तीन बदमाश धर दबोचे, एक साथी मौके से फरार हुआ
फरार बदमाश की तलाश में पुलिस की दबिश जारी