- दो कारों में सवार बदमाशों के बीच हुआ था विवाद
- फायरिंग की सूचना पर फोर्स के साथ दौड़ी पुलिस
मेरठ।
एनएच-58 पर प्रधानमंत्री की चुनावी सभा के चलते चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा है। इसके बावजूद बुधवार को बदमाशों ने हाईवे पर फायरिंग करके दहशत फैला दी। दो कारों में सवार बदमाशों ने करीब पांच किलो तक एक दूसरे पर गोलियां चलाईं। पता लगते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची।
परतापुर थानाक्षेत्र में बेखौफ बदमाश लूटपाट, फायरिंग की वारदात को अक्सर अजांम दे रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सफेद रंग की दो कारें 50 मीटर की दूरी पर थीं। दोनों मेरठ की ओर से आ रही थीं। मोहिद्दीनपुर शुगर मिल नाले के पास पहुंचते ही उनमें सवार लोगों ने एक दूसरे की कार पर फायरिंग कर दी। ताबड़तोड़ फायरिंग से हाईवे पर भगदड़ मच गई। फायरिंग करने के बाद एक कार दिल्ली की ओर तो दूसरी गेझा रोड की ओर चली गई। सूचना पर इंस्पेक्टर परतापुर तपेश्वर सागर फोर्स के साथ पहुंचे। लेकिन तब तक मामला शांत हो चुका था। क्षेत्र में आए दिन होने वाली वारदातों से लोगों में भय व्याप्त है।
लुटेरों को नहीं तलाश पाई पुलिस
हाईवे स्थित ब्रावरा होटल के पास मंगलवार को दिल्ली के इंजीनियर विपिन और उसकी पत्नी साक्षी को बंधक बनाकर बदमाशों ने लूट की थी। जबकि होटल ब्रावरा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहित कई नेता थे। इसको लेकर वहां पुलिस फोर्स भी तैनात थी। इसके बावजूद बदमाशों ने दिनदहाडे़ लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। अभी तक इन बदमाशों को पुलिस गिरफ्तार भी नहीं कर पाई है। पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।