कबाड़ी बाजार से चार लड़कियां मुुक्त कराई
मेरठ। कबाड़ी बाजार में लड़कियों को बंधक बनाकर जबरन देह व्यापार का धंधा कराया जा रहा है और पुलिस इसकी भनक तक नहीं लगती। सोमवार शाम को भी पुलिस ने चार लड़कियों को बंधनमुक्त कराते हुए कोठा संचालिका और एक ग्राहक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली व मुंबई के एनजीओ को सूचना मिली थी कि राजस्थान की एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर उसे मेरठ में कोठे पर बेचा गया है। जिसके बाद एनजीओ रेस्क्यू फाउंडेशन के पदाधिकारी राजेश चतुर्वेदी की शिकायत पर सीओ ब्रह्मपुरी हरिमोहन सिंह और एएचटीयू की प्रभारी लतेश वर्मा ने कबाड़ी बाजार में पिंकी के कोठे पर छापा मारा। इस दौरान पुलिस को देखकर कई कोठों पर ताला लटक गया।पुलिस ने कोठा संचालिका पिंकी और लिसाड़ीगेट निवासी ग्राहक शमी को गिरफ्तार कर लिया। एएचटीयू की प्रभारी ने बताया कि जिन चार लड़कियों को रेस्क्यू कराया गया है उनमें दो नेपाल के डांग क्षेत्र की रहने वाली हैं और दो अन्य लड़की जयपुर की रहने वाली हैं। पूछताछ में लड़कियों ने बताया कि उन्हें नौकरी दिलाने के नाम पर पहले दिल्ली में कोठे पर बेचा गया उसके बाद मेरठ बेच दिया गया। यहां कोठा संचालिका बंधक बनाकर उनसे देह व्यापार का धंधा कराती थी। विरोध करने पर मारपीट की जाती थी। पूछताछ में सामने आया कि जयपुर की दोनों लड़कियों की उम्र 18 साल से कम है। पुलिस चारों लड़कियों का मंगलवार को मेडिकल कराकर कोर्ट में बयान दर्ज कराएगी। संस्था के माध्यम से लड़कियों के परिजनों से भी संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। कोठा संचालिक और आरोपी ग्राहक के खिलाफ देहव्यापार अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पिता की बीमारी के लिए मजबूरी
नेपाल निवासी एक लड़की ने बताया कि एक साल पहले एक महिला मकान में नौकरी दिलाने की बात कहकर घर से लाई थी। उसका पिता बीमार है। पिता की बीमारी की परेशानी देखकर वह चली गई। जहां उसे देह व्यापार के धंधे में उसे धकेल दिया। उसे नहीं पता था कि नौकरी के नाम पर उसका जीवन बर्बाद कर दिया जाएगा।