मेरठ। टीपी नगर थानाक्षेत्र में आठ साल की बच्ची से दुराचार का मामला प्रकाश में आया है। बच्ची के परिजनों का आरोप है कि मौके पर पहुंची यूपी 100 पुलिस ने समझौता करा दिया था। घटना के करीब एक सप्ताह बाद बृहस्पतिवार को पीड़ित पक्ष थाने पहुंचा तो यूपी100 पुलिस से आमना-सामना होने पर अपनी गलती मानी। बाद में आरोपी के खिलाफ नामजद केस दर्ज कराया। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर टीपीनगर परशुराम त्रिपाठी के मुताबिक घटना 30 जुलाई की है। एक बच्ची के परिजनों ने 100 नंबर पर कॉल करके सूचना दी थी कि मोहल्ले के ही एक युवक ने उसकी आठ साल की बच्ची के साथ दुराचार किया है। सूचना पर यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने उनसे थाने जाकर रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा तो पीड़ित पक्ष ने समझौता होने की बात कहकर पुलिस को लौटा दिया।
बृहस्पतिवार शाम को पीड़ित पक्ष मोहल्ले वालों के साथ बच्ची को लेकर थाने पहुंचा और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। आरोप लगाया कि घटना वाले दिन मौके पर पहुंची यूपी 100 पुलिस ने उनका समझौता करा दिया था, इस वजह से रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। इंस्पेक्टर टीपी नगर ने उस दिन मौके पर पहुंचे यूपी 100 के पुलिसकर्मियों को थाने बुला लिया। उनसे जानकारी ली गई तो पुलिस कर्मियों ने बताया कि पीड़ित परिजनों ने ही समझौते की बात कहकर कार्रवाई से इंकार किया था। इन पुलिस कर्मियों ने इसकी वीडियो भी बनाई थी। इसके बाद परिजनों ने अपनी गलती मानी। इंस्पेक्टर के अनुसार परिजनों की तहरीर पर आरोपी चुन्नीलाल के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। शुक्रवार को उसके बयान दर्ज कराए जाएंगे।
युवती से छेड़छाड़
मेरठ। टीपी नगर थाना क्षेत्र में युवती से छेड़छाड़ करने के आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार क्षेत्र के ही एक युवक ने थाने पहुंचकर मोहल्ले के निवासी सोनू नाम के युवक पर अपनी बहन के साथ छेड़खानी का आरोप लगाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया है।