मेरठ। शास्त्रीनगर में दानिश गुर्जर के हत्यारोपी मुजीब को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में मुजीब ने बताया कि दानिश द्वारा कुछ दिन पूर्व दी गई पिस्टल से ही उसने वारदात की थी। पुलिस ने हत्यारोपी की निशानदेही पर पिस्टल बरामद कर ली।
पुलिस के अनुसार मुंडाली थानाक्षेत्र के जिसौरा गांव के पूर्व प्रधान मुनकाद का परिवार लोहियानगर के पास बुद्धा गार्डन में रहता हैं। बीती मंगलवार शाम मुनकाद के दोनों बेटे दानिश गुर्जर और शुएब पर शास्त्रीनगर सेक्टर-10 में जानलेवा हमला हुआ था। जिसमें दानिश की मौत हो गई थी। इस मामले में मुजीब और उसके भाई नामजद हुए थे। इंस्पेक्टर नौचंदी बृजेश सिंह के मुताबिक आरोपी मुजीब ने बताया कि यूनिवर्सिटी में क्रिकेट खेलने को लेकर विवाद हुआ था। जिसके चलते शुएब और दानिश उसके घर के पास लेडीज पार्क में आए थे। गाली गलौज करने लगे तो उसने पिस्टल से गोली चला दी, जिसमें दानिश की मौत हो गई थी।