मेरठ। जिले में हत्या व लूट का सिलसिला चौथे दिन बुधवार को भी जारी रहा। टीपीनगर के मलियाना पुल के पास युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर उसके पिता को भी घायल कर दिया गया। हत्यारोपी को भी पेट में चाकू लगा है। पुलिस के मुताबिक मरने वाले युवक की पत्नी के हत्यारोपी पड़ोसी युवक से अवैध संबंध थे। इसको लेकर पांच महीने से दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था।
इंस्पेक्टर टीपीनगर परशुराम त्रिपाठी के मुताबिक मलियाना झिलमिल कॉलोनी निवासी अमित उर्फ डब्बू (30) पुत्र गजे सिंह स्पोर्ट्स फैक्ट्री में काम करता था। अमित को शक था कि पड़ोसी गौरव से उसकी पत्नी के संबंध हैं। इसको लेकर पांच माह से दोनों परिवार के लोगों में तनातनी थी। बुधवार को अमित की पत्नी ने गौरव को सौ रुपये दे दिए थे। जिस पर अमित ने पहले पत्नी को पीटा और फिर गौरव के पास पहुंच गया। जहां पर अमित व गौरव में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। स्थानीय लोगों ने समझौता कर दिया था।
रात करीब 11 बजे फिर से अमित और गौरव के परिवार में कहासुनी हो गई। दोनों पक्षों में चाकूबाजी हो गई। जिसमें गौरव ने अमित को चाकू से गोदकर मार डाला। वहीं बीचबचाव में आए अमित के पिता गजे सिंह को गौरव ने चाकू मारे। चाकूबाजी में हत्यारोपी गौरव भी गंभीर रुप से घायल हो गया। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। टीपीनगर पुलिस ने लहूलुहान हालत में तीनों को अस्पताल में पहुंचाया। जहां अमित को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
100 रुपये बनी चाकूबाजी की वजह
पुलिस ने मुताबिक अमित और गौरव में तनातनी थी। जिसके चलते पांच माह से दोनों परिवारों में बोलचाल भी बंद थी। बुधवार को अमित की पत्नी ने गौरव को 100 रुपये दिए तो इसकी जानकारी अमित को लग गई। इसको लेकर विवाद हुआ। अमित पैसे लेने गौरव के घर गया था। जहां पर अमित व गौरव में गाली गलौज हुई। बताया जा रहा है कि बीचबचाव में मोहल्ले के दो लड़के भी घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिलाया गया।
पत्नी पुलिस हिरासत में
सीओ ब्रह्मपुरी अखिलेश भदौरिया के मुताबिक हत्या की वजह अमित की पत्नी और गौरव के अवैध संबंध है। पुलिस ने अमित की पत्नी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। गजे सिंह की तहरीर पर गौरव के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
अवैध संबंधों के चलते हत्या
पत्नी के अवैध संबंध के शक में अमित का पड़ोसी गौरव से झगड़ा हुआ। जिसमें अमित और गौरव के बीच चाकूबाजी हुई। जिसमें गौरव ने अमित की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात में कोई और शामिल था या नहीं, इसकी जांच चल रही है। - रणविजय सिंह, एसपी सिटी
खास बातें:
- टीपीनगर के मलियाना पुल के पास झिलमिल कॉलोनी में हुई वारदात
- हत्यारोपी को भी चाकू लगा, हालत गंभीर होने पर अस्पताल में भर्ती
- अवैध संबंधों के शक में पड़ोसी से पांच माह से चल रहा था विवाद