कंकरखेड़ा (मेरठ)। सेना भर्ती में फिजिकल में फेल होने पर रोहतक से लापता हुए युवक की लोकेशन कंकरखेड़ा मेें मिली है। परिजन उसे तलाशते हुए पहुंचे और पुलिस से मदद मांगी।
पुलिस के अनुसार विकास राणा (20) पुत्र विजय राणा निवासी गांव मुवाना तहसील सफीदो जिला जींद हरियाणा बीए का छात्र है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि गत चार अगस्त को वह रोहतक में सेना भर्ती देखने के लिए घर से गया था। जहां पर वह फिजिकल में बाहर हो गया। उसके बाद उसने रोते हुए परिजनों को फोन किया और अपने विफल होने के बारे में बताया। लेकिन उसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई हुई है। बुधवार को युवक की लोकेशन कंकरखेड़ा के कैंट स्टेशन पर मिली। परिजन उसे तलाशते हुए कैंट स्टेशन पहुंचे। वहां पर उनके पहुंचने से पहले ही युवक गायब हो गया। परिजनों ने स्टेशन पर सीसीटीवी फुटेज देखी तो वह स्टेशन पर लाल टी-शर्ट में बैठा हुआ नजर आया। परिजन उसके बाद कंकरखेड़ा थाने पहुंचे और पुलिस से मदद मांगी।