प्रधान पर शमशान की भूमि बेचने का आरोप
गंगानगर। अम्हेड़ा गांव के प्रधान पर ग्रामीणों ने शमशान घाट की भूमि बेचने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने जन सुनवाई पोर्टल व कमिश्नर से इसकी शिकायत की है। एसडीएम सदर ने मामले में पहले भी जांच कराई थी।
रजपुरा ब्लॉक के अम्हेड़ा गांव के बिजलीघर रोड पर शमशान है। करीब दो साल पहले से शमशान के पीछे एक बिल्डर द्वारा कॉलोनी काटी जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि शमशान के बराबर से जो रास्ता हैवह बच्चा शमशान में पीछे की ओर जाने के लिए है। ग्राम प्रधान ने साठगांठ कर रास्ते को बाहर कर बाउंड्री करवा दी। अब बच्चा शमशान की जमीन पर जेसीबी से मिट्टी की खुदाई करवा दी है।
शिकायत करने वालों में देशराज, सूरज, कपिल, कृष्णा, सुभाष, अमित कुमार, विनोद, राजेंद्र, राजेश, शेखर, टिंकल, धर्मवीर, गंगासरण, सुभाषचंद, राजीव, मदन आकाश, विनेश, टिंकल, पप्पू आदि ने कमिश्नर को भी पत्र देकर शिकायत की है।
एसडीएम ने पहले भी दिए जांच के आदेश
शमशान की भूमि को बेचने के आरोप में ग्रामीणों ने एसडीएम सदर को इस मामले में शिकायती पत्र दिया था। एसडीएम ने जांच के लिए मौके पर कानूनगो को भेजा था। जिस पर कानूनगो ने मौके पर पहुंचकर रास्ते को गलत बताते हुए नाराजगी जाहिर की थी और काम रूकवा दिया था। पर कुछ माह बाद निर्माण कार्य फिर शुरू कर दिया गया। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि बाउंड्री बिल्डर ने बनवा दी। जबकि ग्राम प्रधान ने बाउंड्री वाल के नाम पर लाखों रुपये की रकम खाते से निकाल ली है। शनिवार को दर्जनों ग्रामीण एकत्र हुए। गांव निवासी युवक कुंवरपाल ने सभी की सहमति से जनसुनवाई पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज की।
खास बातें:
अम्हेड़ा गांव का मामला, ग्रामीणों ने की जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत
पहले भी एसडीएम सदर ने दिए थे जांच के आदेश