मेरठ। राम मंदिर मॉडल की कांवड़ बृहस्पतिवार को शहर में टैंक चौराहा पहुंचते ही भारी संख्या में लोग स्वागत करने के लिए पहुंच गए। इस बीच विहिप कार्यकर्ता कांवड़ को सोतीगंज से निकालने पर अड़ गए। एसपी सिटी फोर्स लेकर पहुंचे तो विहिप कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगा दिए। एसपी सिटी ने किसी तरह कार्यकर्ताओं को शांत किया। बाद में भारी सुरक्षा में कांवड़ बाबा औघड़नाथ मंदिर के मुख्य द्वार पर पहुंची।
राम मंदिर मॉडल की इस कांवड़ का नेतृत्व बजरंग दल के प्रांत संयोजक बलराज डूंगर कर रहे थे। उन्होंने बताया कि 20 फीट लंबी, 18 फीट ऊंची और आठ फीट चौड़ी यह कांवड़ अयोध्या में प्रस्तावित भव्य राम मंदिर के स्वरूप जैसी है। हरिद्वार से मेरठ तक कांवड़ का जगह-जगह स्वागत किया गया। इस बीच विहिप और बजरंग दल के सदस्यों ने कांवड़ सोतीगंज से निकालने की तैयारी की तो सूचना पर एसपी सिटी रणविजय सिंह, एएसपी सतपाल सिंह, इंस्पेक्टर लालकुर्ती रघुराज सिंह, इंस्पेक्टर सिविल लाइन नीरज मलिक, इंस्पेक्टर सदर बाजार प्रशांत कपिल भी पहुंच गए।
दरअसल पुरकाजी में कांवड़ लाने के दौरान एक धार्मिक स्थल पर झंडे लगाने से उपजे तनाव के मद्देनजर पुलिस अफसर किसी तरह का जोखिम लेने के मूड में नहीं थे। एसपी सिटी के समझाने पर कांवड़ को माल रोड से कैंट के बाजारों से होते हुए हनुमान चौक पर लाया गया। यहां सैकड़ों व्यापारी कांवड़ का स्वागत करने पहुंच गए। हनुमान चौक पर सदर बाजार व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील दुआ उर्फ विक्की और पदाधिकारियों ने स्वागत किया। बाद में एसपी सिटी भव्य कांवड़ को फोर्स के साथ औघड़नाथ मंदिर लेकर पहुंचे।