कंकरखेड़ा। कंकरखेड़ा इलाके से एक महिला और उसके दो बच्चों के अपहरण का मामला सामने आया है। महिला के पति का दावा है कि अपहरण के आरोपी खुद को पुलिस वाला बता रहे हैं।
मूल रूप से गुजरात निवासी गोविंद ने दी तहरीर में बताया कि वह अपनी पत्नी अंजू (35) और दो बच्चों के साथ फेरी लगाकर सूखे मेवे बेचने का काम करता है। पांच दिन पूर्व उसकी उसकी पत्नी दोनों बच्चों के साथ डाबका गांव में ड्राई फ्रूट्स बेचने गई थी। लेकिन लौटी नहीं। शनिवार को उसने पत्नी के मोबाइल पर कॉल की तो उधर से पत्नी के बजाय एक व्यक्ति ने बोला कि हम पुलिस वाले हैं। हमने ही तेरी बीवी और बच्चों का डाबका गांव से कार से अपहरण किया है। उस व्यक्ति ने उसे दिल्ली के एक थाने बुलाया। गोविंद के अनुसार वह वहां गया। लेकिन कोई नहीं मिला। उसने फिर कॉल की तो उसे धमकी दी गई कि यदि पीछा किया तो उसे जान से मार देंगे। इंस्पेक्टर दीपक शर्मा का कहना है कि मामला संज्ञान में है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।