लूटपाट के मामले में पूछताछ करते एसएसपी
- फोटो : अमर उजाला
शहर में रोजाना हो रही वारदातों के बीच बेखौफ बदमाशों ने मंगलवार रात पॉश कमला नगर में स्टील कारोबारी से 7.50 लाख रुपये लूटकर पुलिस को फिर चुनौती दे दी। एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर कारोबारी से घटना की जानकारी ली। फिलहाल लुटेरों का सुराग नहीं लगा है।
पुलिस के अनुसार टीपी नगर क्षेत्र के कमला नगर निवासी मदन मोहन गुप्ता की दिल्ली रोड स्थित फुटबॉल चौक के पास श्याम स्टील कंपनी के नाम से फर्म है। जिनका दूसरे जिलों में सामान जाता है। मंगलवार रात करीब आठ बजे मदन मोहन स्कूटी से घर जा रहे थे। जब वे घर से करीब 200 मीटर पहले पहुंचे तो तीन बदमाशों ने उनकी स्कूटी के आगे बाइक अड़ा दी। तभी एक और बदमाश वहां पहुंच गया। मदन मोहन कुछ समझते, बदमाशों ने उनके पेट से पिस्टल सटा दी और स्कूटी छीनने का प्रयास किया।
स्कूटी स्टार्ट न होने पर बदमाशों ने कारोबारी से ही स्कूटी की डिग्गी खुलवाई और उसमें रखा नोटों से भरा बैग उठा लिया। शोर मचाने पर कारोबारी को गोली मारने की धमकी देकर बदमाश फरार हो गए। बैग में 7.50 लाख रुपये बताए गए। कारोबारी की फर्म से कमला नगर की दूरी करीब 500 मीटर बताई गई।
जल्द करेंगे खुलासा
चार बदमाशों ने कारोबारी से 7.50 लाख रुपये छीने हैं। बदमाशों की तलाश में थाना पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम भी लगाई है। इस वारदात का पुलिस जल्द खुलासा करेगी। -नितिन तिवारी, एसएसपी