- बागपत रोड स्थित एक नर्सिंग होम का मामला
- जच्चा के पास से नवजात गायब होने पर हड़कंप
मेरठ। बागपत रोड स्थित एक नर्सिंग होम में नौ हजार रुपये कम देने पर एक नर्स नवजात को जच्चा की बगल से उठाकर ले गई। इस बीच बच्चा गायब होने का शोर मचने पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची रेलवे रोड पुलिस ने नर्स को फोन कर नवजात को नर्सिंग होम में मंगाया। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
परतापुर थानाक्षेत्र के अछरौंडा गांव निवासी सिंटू की पत्नी रानी साईं नर्सिंग होम में भर्ती हुई थी। रानी की नर्स रेखा निवासी इंदिरानगर ब्रह्मपुरी से दोस्ती थी। पहले सिंटू भी परिवार के साथ इंदिरानगर में रहता था। नर्स रेखा ने ही रानी को नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। रानी ने सोमवार को बेटे को जन्म दिया। मंगलवार को रानी की नर्सिंग होम से छुट्टी होनी थी। नर्सिंग होम का बिल करीब 30 हजार रुपये हुुआ। 21500 रुपये सिंटू जमा कर चुका था।
बाकी पैसा जमा कराने के लिए रेखा सिंटू पर दबाव बना रही थी। पैसे को लेकर रेखा और रानी में विवाद हो गया। आरोप है कि नौ हजार रुपये न देने पर रेखा ने गुपचुप तरीके से नवजात गायब कर दिया। सूचना पर कार्यवाहक एसओ रेलवे रोड चंदगीराम यादव मौके पर पहुंचे। दंपति ने रेखा का नाम लिया। पुलिस ने रेखा को फोन किया और नवजात को मंगाया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में दोनों ने समझौता कर लिया।