मेरठ। बेगमपुल से कमिश्नरी आवास चौराहे के बीच चलते टेंपो में एक मनचले को साहसी बेटियों ने धुन दिया। यही नहीं, आरोपी को सीधे सिविल लाइन थाने ले गईं और मुकदमा दर्ज कराकर उसे हवालात की हवा खिलवा दी।
पुलिस के अनुसार गंगानगर थाना क्षेत्र निवासी दो छात्राएं खिलाड़ी भी हैं। बुधवार को दोनों छात्राएं बेगमपुल से टेंपो से कमिश्नर आवास चौराहे पर जा रही थीं। टेंपो में राजेश पंवार निवासी कंकरखेड़ा भी बैठा था। आरोप कि राजेश ने एक छात्रा से छेड़छाड़ कर दी। इसका विरोध करने पर राजेश छात्रा को धमकी देने लगा। जिस पर दोनों छात्राओं ने राजेश की टेंपो में धुनाई कर दी। छात्राएं चालक से बोलीं कि टेंपो को सीधे सिविल लाइन थाने ले चलो। थाने पहुंचकर छात्राओं ने आरोपी को पुलिस को सौंप दिया।
रिपोर्ट दर्ज करो साहब
छात्राओं ने तहरीर देकर इंस्पेक्टर सिविल लाइन नीरज मलिक से कहा कि साहब रिपोर्ट दर्ज करो। सूचना पर छात्राओं के परिजन भी पहुंचे। इंस्पेक्टर ने कहा कि आरोपी पर सख्त कार्रवाई होगी।
वकील तो कभी व्यापारी बताया
पूछताछ में आरोपी खुद को वकील तो कभी व्यापारी बताने लगा। इंस्पेक्टर ने आरोपी पर केस दर्ज कराकर उसे हवालात में डलवा दिया। पुलिस ने आरोपी के परिजनों को सूचना देकर बुलाया।
हाथ लगाते ही थप्पड़ जड़ा
आरोपी ने टेंपो में एक छात्रा को हाथ लगाया तो छात्रा ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। फिर आरोपी को टेंपो में ही पीटते- पीटते कमिश्नर आवास चौराहे पर पहुंचे। वहां पर ट्रैफिक पुलिस को छात्राओं ने घटना के बारे में बताया। ट्रैफिक पुलिस ने उन्हें थाने जाने को कहा।
खास बातें:
- आरोपी ने की थी एक खिलाड़ी छात्रा से छेड़छाड़
- आरोपी को लेकर थाने पहुंचीं, पुलिस को सौंपा