फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

समाजवादी छात्र सभा ने की समाज कल्याण विभाग में तोड़फोड़

विज्ञापन
विज्ञापन
मेरठ। कचहरी परिसर स्थित जिला समाज कल्याण विभाग में समाजवादी छात्रसभा ने बुधवार को हुड़दंग मचाया। छात्रवृत्ति और प्रतिपूर्ति में घोटाला करने का आरोप लगाकर छात्रोें ने समाज कल्याण अधिकारी के ऑफिस में तोड़फोड़ करके सरकारी दस्तावेज फाड़ डाले। सूचना पर डीएम और एसपी सिटी फोर्स लेकर पहुंचे। घेराबंदी कर पांच छात्रों को गिरफ्तार कर लिया गया।
विज्ञापन

समाजवादी छात्रसभा के जिला प्रवक्ता हैविन खान के नेतृत्व में मेरठ कॉलेज और डीएन कॉलेज के छात्र दोपहर को समाज कल्याण विभाग के कार्यालय में पहुंचे। छात्रों ने वहां पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। आरोप था कि समाज कल्याण विभाग से सेटिंग कर मेरठ कॉलेज, एनएएस, डीएन, आरजी, इस्माईल कॉलेज और एक आयुर्वेद संस्था द्वारा छात्रों की छात्रवृत्ति व प्रतिपूर्ति को हड़प लिया गया। बैंकों से भी उनकी सेटिंग है। छात्रों की सुनवाई नहीं हुई तो वह समाज कल्याण अधिकारी उमेश द्विवेदी के ऑफिस में घुस गए।
छात्रों ने तोड़फोड़ करते सरकारी दस्तावेज तक फाड़ डाले। मौके पर पहुंचे डीएम अनिल ढींगरा और एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने समाजवादी छात्रसभा के हैविन खान, डीएन कॉलेज के महामंत्री शोएब अली, मेरठ कॉलेज से कोषाध्यक्ष शादाब, अकरम ठाकुर और आजाद राजपूत को गिरफ्तार करा दिया। जबकि छात्रसभा के अन्य छात्र मौके से भाग गए।
विज्ञापन

कचहरी में मची अफरातफरी
समाज कल्याण विभाग में तोड़फोड़ होते ही कचहरी में अफरातफरी मच गई। मामले की जानकारी लखनऊ तक पहुंचने पर पुलिस-प्रशासन में भी खलबली मच गई। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी छात्र वहां से भागने लगे।
थाने में लगी रही छात्रों की भीड़
समाजवादी छात्रसभा के छात्रों पर लाठीचार्ज और छात्रों की गिरफ्तारी का पता लगते ही मेरठ कॉलेज के छात्र थाना सिविल लाइन में पहुंचे। सपा नेता अतुल प्रधान ने सिफारिश में पुलिस अफसरों को फोन किया है। पुलिस ने आरोपियों पर बड़ी कार्रवाई करने की बात कही। पुलिस अफसरों ने बताया कि आरोपी छात्रों ने बवाल किया हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। किसी को नहीं छोड़ा जाएगा। शाम तक छात्रों की थाने में भीड़ लगी रही।
हमारा हक मार रही सरकार
छात्रों ने थाने में प्रदेश सरकार के खिलाफ हंगामा किया। आरोप लगाया कि हमारा हक मारा जा रहा और प्रशासन हमें खामोश करने में लगा है। छात्रों ने आवाज उठाई तो उनको जेल भेजने की पुलिस ने तैयारी कर ली है। कार्यालय में कोई भी तोड़फोड़ नहीं की। इंस्पेक्टर सिविल लाइन नीरज मलिक का कहना है कि आरोपियों ने तोड़फोड़ की है। उनके खिलाफ सुबूत है। बृहस्पतिवार को उनको जेल भेजा जाएगा।
विज्ञापन

खास बातें:
- छात्रवृत्ति और प्रतिपूर्ति में घोटाला करने का आरोप लगाया
- समाज कल्याण अधिकारी के कार्यालय में सरकारी दस्तावेज फाड़े
- डीएम व एसपी सिटी फोर्स लेकर पहुंचे, पांच छात्र मौके से गिरफ्तार
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें