कचहरी से महिला को पीटा, अपहरण की कोशिश
मेरठ। कचहरी में सोमवार दोपहर ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता पर हमला बोल दिया। मारपीट करते हुए अपहरण करने की कोशिश की गई। महिला के पिता ने बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसको भी पीटा।
लालकुर्ती क्षेत्र के तोपखाना निवासी अकील अहमद की बेटी रूबीना का निकाह तीन साल पहले श्यामनगर निवासी शाहिद के साथ हुआ था। आरोप है कि शाहिद पहले से ही शादीशुदा था। वह रूबीना के साथ मारपीट कर एक लाख रुपये की मांग करने लगा। मामला कोर्ट में चल रहा है। सोमवार को महिला अपने मायके पक्ष के लोगों के साथ कचहरी में तारीख पर आई थी। आरोप है कि महिला के देवर साजिद और चार अन्य युवकों ने महिला के साथ मारपीट करते हुए जबरन समझौता करने के लिए दबाव डाला। महिला के पिता के साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान आसपास मौजूद वकीलों ने किसी तरह महिला को बचाया। सूचना पर एसओ सिविल लाइन कमलेश शुक्ला मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। एसओ ने बताया कि महिला की तहरीर पर आरोपी साजिद समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।