अमर उजाला ब्यूरो
सरधना। दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर पीएसी के सिपाही ने परिजनों संग मिलकर पत्नी का उत्पीड़न किया। इतना ही नहीं उसे मारपीट कर ससुराल से निकाल दिया। पीड़ित ने अपने पति, सास समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़ सके।
बदरुद्दीननगर निवासी रवीना की शादी दो वर्ष पूर्व यूपी पुलिस 49 पीएससी के सिपाही विनोद पुत्र हरपाल निवासी करनावल थाना सरूरपुर के साथ हुई थी। उसका आरोप है कि शादी के बाद से ही उसके पति एवं ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न कर रहे हैं। उसे मारपीट कर ससुराल से निकाल दिया। रवीना ने सरधना थाने पर अपने पति विनोद पुत्र हरपाल, सास धर्मवती, ससुर हरपाल, जेठानी निशा पत्नी राजेश, जेठ राजेश, बबीता पत्नी मनोज व मनोज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। एसएसआई अमित कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है, लेकिन आरोपी अभी हत्थे नहीं चढ़ सके हैं। महिला के पति विनोद की हाल ही में 49 पीएससी नोएडा में तैनाती है। उसके संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया है।