पूर्व प्रधान ने नौकर पर लगाया चोरी का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
दौराला। हाईवे स्थित वृंदावन गार्डन कॉलोनी में सकौती के पूर्व प्रधान के घर से लाखों के सोने के आभूषण एवं हजारों की नकदी चोरी हो गई। पीड़ित ने नौकर पर चोरी का आरोप लगाते हुए दौराला थाने में तहरीर दी है।
सकौती गांव की पूर्व प्रधान सावित्री कई सालों से एन-एच 58 स्थित वृंदावन गार्डन कॉलोनी में रह रही है। उन्होंने बताया कि तबीयत खराब रहने के कारण घर पर रजत नामक नौकर रखा हुआ है। पूर्व प्रधान का आरोप है कि रविवार को उस नौकर ने मौका पाकर सेफ में रखी सोने की तीन अंगूठी, एक चेन एवं पर्स चोरी कर लिये। चोरी हुए सामान की कीमत करीब एक लाख दस हजार रुपये है। इसके अतिरिक्त पर्स में करीब 25 हजार रुपये थे। आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। उन्हें सोमवार दोपहर मामले की जानकारी लगी तो इसकी सूचना दौराला पुलिस को दी गई। पुलिस ने नौकर की तलाश की परंतु सुराग नहीं लग सका। पीड़ित ने मामले की तहरीर दौराला थाने में दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।