छह लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर बारात लेकर नहीं पहुंचे दूल्हे
- सरूरपुर क्षेत्र का मामला, देरशाम परिचित लड़कों से कराई दोनों बहनों की शादी
- पंचायत में बारात न लाने वालों के खिलाफ बनी कार्रवाई की सहमति
अमर उजाला ब्यूरो
सरूरपुर। थाना क्षेत्र के कस्बा खिवाई में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर लड़का पक्ष के लोग सोमवार को बारात लेकर नहीं पहुंचे। लड़की पक्ष ने लड़के पक्ष के लोगों से बात की। फिर भी लड़का पक्ष बारात लेकर आने को तैयार नहीं हुआ। आनन-फानन में दोनों लड़कियों की रिश्तेदारी में संपर्क कर देर शाम शादी कराई गई।
कस्बा खिवाई क्षेत्र दो लड़कियों की रिश्ता दस माह पूर्व सरधना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवकों से हुआ था। शादी की तारीख चार मार्च तय की गई। बताया कि सगाई में भी लड़की पक्ष ने करीब तीन लाख रुपये खर्च किए। पर फिर भी शादी की तारीख से एक दिन पहले लड़का पक्ष ने दहेज में छह लाख रुपये की मांग कर दी। लड़की पक्ष के मुताबिक वह तीन लाख रुपये देने के लिए भी राजी हो गए। जिसके बाद लड़की पक्ष ने बारात के लिए इंतजाम कर लिया। लेकिन सोमवार को लड़का पक्ष बारात लेकर नहीं पहुंचा। जिससे लड़की पक्ष को चिंता हुई। उन्होंने लड़के पक्ष से बात की। आरोप है कि लड़के पक्ष ने बारात लाने से साफ इंकार कर दिया। जिससे शादी की खुशी का माहौल कुछ ही देर में सन्नाट में बदल गया। मामले को लेकर कस्बे में पंचायत हुई। जिसमें लोगों ने लड़के पक्ष के खिलाफ कार्रवाई कराने पर सहमति बनी। वहीं, लड़की पक्ष के लोगों ने आनन फानन में दोनों लड़कियों की शादी थानाभवन व मुजफ्फरनगर क्षेत्र से दो लड़कों से कराई गई। उधर, थाना प्रभारी सतीश कुमार का कहना है कि इस संबंध में जानकारी नहीं मिली। यदि लड़की पक्ष मामले की तहरीर देगा तो कार्रवाई की जाएगी।