पीड़ित ने थाने में दी तहरीर, पुलिस मान रही है घटना को संदिग्ध
अमर उजाला ब्यूरो
किठौर।
कस्बा स्थित एक मेडिकल स्टोर स्वामी के मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात व नगदी चुरा ली। घर पहुंचने पर व्यापारी को चोरी का पता चला, जिस पर उसने थाने में तहरीर दी। लेकिन पुलिस घटना को संदिग्ध मानते हुए पहले जांच करने की बात कह रही है।
कस्बा के निवासी आफताब पुत्र शेखावत की मैन रोड पर न्यू कमल मेडिकल स्टोर से दुकान है। आफताब का मकान कस्बे में ही मोहल्ला उपाधियान में है। 18 दिसंबर को आफताब के पिता की मृत्यु हो गई थी। जिसके चलते वह अपने परिवार के साथ पैतृक गांव थाना क्षेत्र के ही ग्राम खंद्रावली गया था। गुरुवार को आफताब का बेटा दुकान खोलने गया था, तो जब वह शाम को घर पहुंचा तो घर ताला टूटा पड़ा हुआ था और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। कमरे में रखी सेफ के भी ताले टूटे हुए थे। आफताब के बेटे ने इसकी सूचना परिजनों को दी। आफताब ने बताया कि सेफ में करीब 10 लाख रुपये की नगदी ,61 तोला सोना के जेवरात तथा करीब 800 ग्राम चांदी जेवरात थे। जिसके अज्ञात चोर चुराकर ले गए।
इस मामले में पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। पुलिस का कहना है की मामला संदिग्ध है। दवा व्यापारी को शुक्रवार को कोई बैनामा कराना था। तथा घर पर ही उसकी पुत्री आई थी जिसकी फिलहाल शादी की थी। छानबीन में जिस प्रकार ताला टूटा पाया गया, उससे घटना बिल्कुल संदिग्ध लग रही है। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई थी।