थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र से चार दिन पहले अपहृत युवती को पुलिस ने मुंबई से बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी युवक को भी गिरफ्तार किया है। थाने में युवती के परिजन भी पहुंच गए। इस दौरान युवती ने कहा कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से गई थी। थाने में ही युवती प्रेमी के साथ शादी करने की जिद पर अड़ी रही। इस दौरान पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी निवासी 18 वर्षीय युवती बीती 24 दिसंबर को घर से चली गई थी। युवती के परिजनों ने लिसाड़ी गेट थाने में अपहरण का आरोप लगाकर राशिद के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया था। परिजनों ने रिपोर्ट में लड़की क ी उम्र 17 वर्ष बताई थी। पुलिस ने मोबाइल को सर्विलांस पर लगाकर दोनों की कॉल डिटेल निकाली तो दोनों रेलवे स्टेशन के निकट मुंबई में बस्ती में मिले। पुलिस प्रेमी युगल को बरामद कर थाने ले आई। पता चलने पर युवती के परिजन भी थाने पहुंच गए। इस दौरान युवती ने पुलिस के सामने ही बखेड़ा कर दिया। उसने कहा कि उसका अपहरण नहीं किया गया, वह बालिग है मर्जी से प्रेमी के साथ गई थी। युवती ने कहा कि वह थाने में ही जान दे देगी, लेकिन शादी अपनी प्रेमी के साथ ही करेगी। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुला लिया। उनसे कहा कि थाना कानून के हिसाब से चलेगा। थाने में पंचायत नहीं होने दी जाएगी।
पुलिस ने पीड़ित के कोर्ट में बयान दर्ज कराने की बात कही। हालांकि दोनों पक्षों में समझौता वार्ता चल रही है। इंस्पेक्टर राशिद अली का कहना है कि युवती के कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे। इसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
मुख्य बातें
थाने में प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी युवती
परिजनों ने लिसाड़ी गेट थाने में दर्ज कराया था अपहरण का मुकदमा