सोनिया हत्याकांड: दहेज हत्या का केस दर्ज, आरोपी पकड़ से बाहर
मेरठ। गोकुल विहार कॉलोनी में सोमवार देर रात हुई सोनिया की हत्या के मामले में टीपी नगर पुलिस ने हत्यारोपी पति ऋषिपाल और उसके दोस्त प्रवीण के खिलाफ दहेज हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार दोनों की तलाश में कई जगह दबिश दी गई। लेकिन उनका सुराग नहीं लगा।
एसओ टीपी नगर ब्रजेश शर्मा के अनुसार सोनिया की मां लक्ष्मी ने ऋषिपाल और प्रवीण के खिलाफ दी तहरीर में आरोप लगाते हुए बताया था कि ऋषिपाल सोनिया से रुपये मांगता था। मारपीट करता था। इसी वजह से उसने हत्या की है। जिसके आधार पर रिपोर्ट लिखी गई। वहीं, सीओ ब्रह्मपुरी अखिलेश भदौरिया के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सोनिया की मौत सिर में गहरी चोट लगने की वजह से होना आया है। हत्या से पहले उसके साथ संबंध बनाने की बात पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नहीं आई है। क्राइम सीन और घटनास्थल पर मिले सुबूतों के आधार पर कई सवाल हैं जिनका जवाब केवल हत्यारोपी ऋषिपाल ही दे सकता है। उसकी तलाश में दबिशें दी जा रही हैं।