प्रेमी के लिए छोड़ा घर और पहुंच गई ससुराल
धर्म बदलकर 19 साल की युवती ने प्रेमी से किया विवाह
युवती के परिजनों ने थाने में दर्ज कराया था अपहरण का केस
कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने युवती को सास के सुपुर्द किया
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। प्रेम के आगे हमेशा से समाज में जाति और धर्म के बंधन टूटते रहे हैं। सोमवार को भी सदर थाने में दो प्रेमी युगल ने इन सामाजिक बंधनों को तोड़कर साथ रहने का निर्णय लिया। युवती के परिजनों ने उसे साथ ले जाने के लिए लाख मनाया, लेकिन वह अपने फैसले पर डटी रही। उसके कहा कि वह बालिग है और उसे अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने का अधिकार है।
सदर क्षेत्र निवासी 19 वर्षीय युवती का क्षेत्र के ही एक युवक से प्रेम था। युवती के परिजनों को इसका पता चला तो उन्होंने युवती के घर से निकलने पर पाबंदी लगा दी। छह मार्च की सुबह युवती प्रेमी के साथ घर से चली गई। युवती के परिजनों को पता चला तो उन्होंने युवक के खिलाफ सदर बाजार थाने में अपहरण का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज करा दिया। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण परिजन आमने सामने आ गए। सोमवार सुबह एसओ सदर बाजार विजय गुप्ता ने मोबाइल की लोकेशन के आधार पर युवती को भैसाली बस अड्डे पर अपने कब्जे में ले लिया।
धर्म बदलकर किया विवाह
सदर थाना पुलिस ने युवती से युवक के बारे में पूछताछ की। इस पर युवती ने बताया कि मैंने धर्म बदलकर देहरादून में युवक के साथ शादी कर ली है। दसवीं की मार्कशीट के आधार पर मैं 19 साल की हूं। आर्यसमाज मंदिर में विवाह के बाद शादी को कोर्ट में रजिस्टर्ड करा लिया है। इसके बाद पुलिस युवती के 161 के बयान कराए और कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने युवती को युवक की मां की सुपुर्दगी में दिया। एसओ विजय गुप्ता ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर युवती को युवक की मां के साथ घर तक छोड़ा गया है। युवक पर अपहरण का केस दर्ज है। उसमें पुलिस साक्ष्य के आधार पर एफआर लगा देगी। युवती ने कोर्ट में कहा कि उसका अपहरण नहीं हुआ है। उसने शादी की है।
बेटी का देखकर फफक पड़े परिजन
थाने में पुलिस ने युवती को उसके परिजनों से मिलवाया। बेटी को देखकर मां फफक पड़ी। लेकिन बेटी ने उसकी एक ना मानी। पुलिस का कहना है कि युवक बजरंग दल का कार्यकर्ता है।