कॉल करके बुलाया और मार दी गोली
मेरठ। लिसाड़ीगेट के हुमायूं नगर में रविवार शाम दोस्त ने अपने साथी के साथ मिलकर युवक को पहले फोन करके बुलाया और उसके बाद गोली मार दी। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी फायरिंग करते हुए फरार हो गए। आधा घंटे तक भी पुलिस नहीं पहुंची तो घायल को बाइक पर बैठाकर अस्पताल में ले जाया गया।
नौचंदी क्षेत्र के शास्त्रीनगर सेक्टर 12 निवासी शहजाद पुत्र मोहम्मद जमील खिड़की में शीशे लगाने का काम करता है। शहजाद के साथ उसका दोस्त आबिद निवासी जॉकिर कालोनी भी काम करता है। कुछ समय पहले तीन हजार रुपयों को लेकर दोनों में विवाद हो गया था। जिसके बाद दोनों अलग अलग काम करने लगे। रविवार शाम चार बजे आरोपी आबिद ने फोन करके शहजाद को हुमायूं नगर के चौपले पर बुलाया। शहजाद बाइक लेकर वहां पहुंचा। आरोप है कि आबिद ने अपने दोस्त के साथ पांच मिनट तक उससे बात की और फिर तमंचा निकालाकर शहजाद के सीने में गोली मार दी। पड़ोसी साबिर अपने दोस्त के साथ घायल को बाइक पर ही हापुड़ रोड स्थित एक अस्पताल लेकर पहुंचा। सूचना पर एसओ लिसाड़ीगेट धर्मेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। घायल के परिजनों ने आरोपी आबिद और एक अन्य के खिलाफ लिसाड़ीगेट थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी सिटी मानसिंह चौहान का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी हुई है।
खास बात
लिसाड़ीगेट के हुमायूं नगर में रविवार शाम दोस्त ने अपने साथी के साथ की वारदात