मेरठ/कंकरखेड़ा। शहर में सोमवार को बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ लूटपाट कर पुलिस के क्राइम कंट्रोल के दावों की पोल खोल दी। बेखौफ बदमाशों ने चार जगहों पर व्यापारी, महिला, छात्रा सबको निशाना बनाया। पुलिस इस दौरान सड़कों से गायब रही।
01: गन प्वाइंट पर लूटे 1.20 लाख
कंकरखेड़ा स्थित साईं कांपलेक्स में जियो रिलायंस कंपनी का मिनी डिजिटल स्टोर है। स्टोर सेल्समैन कंकरखेड़ा निवासी विपुल पंवार के अनुसार सोमवार सुबह करीब 10 बजे स्टोर में घुसे दो बदमाशों ने उसे गन प्वाइंट पर ले लिया। विरोध करने पर उसकी पिटाई की गई। बदमाश कैश काउंटर से 1.20 लाख रुपये लूटकर पल्सर बाइक से कस्बा चौकी के सामने से होते हुए फरार हो गए। मौके पर पहुंचे सीओ दौराला और इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध लग रही है। लेकिन रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वहीं, विपुल के अनुसार दोनों बदमाशों ने हेलमेट लगाए हुए थे और चादर ओढ़ रखी थी। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने पर बदमाशों की कोई पहचान नहीं हो पाई है।
02: रिटायर्ड अफसर की पुत्रवधू से लूट
शास्त्रीनगर के सेक्टर 2 में गाजियाबाद से रिटायर्ड डिप्टी जेलर एमपी सिंह का परिवार रहता है। उनकी पुत्रवधू सुनीता सोमवार दोपहर शास्त्रीनगर के पीएनबी से नगदी निकालकर अकेली पैदल ही घर लौट रही थीं। बैग में करीब 21 हजार रुपये रखे थे। घर के पास ही बाइक सवार दो बदमाश उनसे बैग लूटकर ले गए। सुनीता ने मेडिकल थाने पर तहरीर दी है।
03: छात्रा से मोबाइल फोन लूटा
मलियाना निवासी अन्नू पुत्री विनोद मेरठ कालेज में बीएससी की छात्रा है। सोमवार दोपहर डेढ़ बजे वह कॉलेज से घर लौट रही थी। टीपी नगर में शनि मंदिर के पास बाइक सवार एक बदमाश अन्नू से मोबाइल फोन झपटकर भागने लगा। छात्रा शोर मचाकर उसके पीछे भागी। लेकिन बदमाश मलियाना की तरफ फरार हो गया। छात्रा ने टीपी नगर थाने पर तहरीर दी है।
04: युवक का मोबाइल फोन झपटा
प्रभात नगर अशोक वाटिका सिविल लाइन निवासी अरविंद सिंह सुबह करीब 10 बजे बाइक से ईव्ज चौराहे के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर कॉल आ गई। वे बात करने लगे तभी बाइक सवार दो बदमाश मोबाइल फोन लूटकर भाग निकले। कुछ ही दूरी पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी खडे़ थे। लेकिन बदमाश वारदात कर आसानी से फरार हो गए।
- एक के बाद एक चार वारदातों ने खोली क्राइम कंट्रोल के दावों की पोल