मेरठ। नशे की हालत में एक महिला ने मंगलवार को नौचंदी थाने में जमकर उत्पात मचाया। चोरी के आरोप में गिरफ्तार इस महिला ने एक महिला कांस्टेबल से हाथापाई तो दरोगा से गालीगलौज कर दी।
फूलबाग कालोनी नौचंदी में एक महिला ने एक दुकान से मोबाइल और अन्य सामान चोरी कर लिया। सूचना पर यूपी 100 पुलिस पहुंची तो आरोपी पुलिसकर्मियों से गालीगलौज कर एक मकान में घुस गई। जिसके बाद महिला पुलिस की मदद से उसे पकड़कर नौचंदी थाने लाया गया। नौचंदी थाने के कार्यवाहक एसओ शशि कुमार ने बताया कि गिरफ्तार महिला यासमीन निवासी पहलवान नगर थाना लिसाड़ीगेट है। महिला के पास से चोरी किए गए दो जोड़ी कंगन, एक चेन, आठ मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद हुआ है। पूछताछ में पता चला कि महिला ने कोतवाली क्षेत्र से मोबाइल चोरी किए थे। चोरी के मोबाइल फोन वह लिसाड़ी गेट निवासी युवक को बेच देती थी। कार्यवाहक एसओ का कहना है कि महिला का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया तो पता चला कि उसने नशे की गोलियां खा रखी थी। आरोपी महिला के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
खास बातें:
फूलबाग कॉलोनी में दुकान में चोरी करते पुलिस ने किया था गिरफ्तार
नौचंदी थाने में महिला कांस्टेबल से हाथापाई की, दरोगा से गालीगलौज