पुलिस ने प्लाट के विवाद में युवक को गोली मारकर घायल करने के मामले में एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस सत्तारूढ़ विधायक के दबाव में कार्रवाई नहीं कर रही है।
अशोकपुरी निवासी भूपेंद्र पुत्र विजय ने बताया कि उसने तीन माह पहले अशोकपुरी में आठ लाख रुपए में प्लाट खरीदा था। उस पर देवेंद्र उर्फ विशाल, अक्षय पुत्र कमल ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की थी। पीड़ित का आरोप है कि प्लाट के विवाद को लेकर गत 26 नवंबर को उक्त आरोपियों ने एक राय होकर घर पर हमला बोल दिया। उसके भाई अवतार सिंह को गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया था। वहीं, आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज किया। हालांकि अभी तक एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है।
पीड़ित का आरोप है कि एक सत्तारूढ़ विधायक शुरू से ही आरोपियों की पैरवी कर रहा है। पुलिस उसके दबाव में कार्रवाई नहीं कर रही है। यही कारण है कि पुलिस ने एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया और उल्टा मामले को संदिग्ध बता रही है। पीड़ित का कहना है कि वे कई दिन से थाने के चक्कर काट रहे हैं। इसके बावजूद पुलिस कार्रवाई करने को तैयार नहीं है। वहीं, इंस्पेक्टर पीपी सिंह का कहना है कि उक्त आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज कर लिया है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
मुख्य बातें
अशोकपुरी स्थित प्लाट के विवाद में युवक को मारी थी गोली