विदेश भेजने के नाम पर ठगी, आरोपी को धुना
मेरठ। विदेश भेजने के नाम पर लिसाड़ीगेट में एक युवक ने बीस से अधिक लोगों से लाखों रुपये की ठगी कर ली। दो माह से आरोपी घर छोड़कर फरार था। सोमवार को पीड़ित लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसे पीटते हुए थाने ले गए।
लिसाड़ीगेट क्षेत्र निवासी आबिद, जाहिद, हनीफ, शकील, आस मोहम्मद, दानिश और अन्य युवकों ने थाने में तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि मजीदनगर निवासी तनवीर क्षेत्र के लोगों को विदेश भेजने के नाम पर ठगी करता है। अलग अलग लोगों से 50 हजार, 80 हजार और एक लाख रुपये ले लिए। जिसमें आरोपी ने कहा कि वह दुबई और अन्य स्थानों पर भेजकर नौकरी लगवा देगा। पीड़ित लोगों का आरोप है कि आरोपी ने पैसे लेकर उनकी आईडी, डीएल, आधार कार्ड, फोटो और अन्य कागजात भी ले लिए। उसने कहा कि वह पोसपोर्ट भी खुद ही बनवाएगा। पीड़ित लोगों का कहना है कि उन्हें बाद में पता चला कि विदेश भेजने के नाम पर आरोपी युवक पहले भी ठगी कर चुका है। पिछले दो माह से पीड़ित लोग आरोपी की तलाश कर रहे थे। सोमवार को पीड़ितोंको पता चला कि आरोपी एक कंप्यूटर की दुकान पर बैठा है। इस पर वे वहां पहुंचे और उसे दबोच लिया। इसके बाद उसकी जमकर धुनाई की। पुलिस ने आरोपी के पास से मुजफ्फरनगर, शामली मेरठ की युवकों की आईडी और अन्य कागजात मिले हैं। इंस्पेक्टर लिसाड़ीगेट रघुराज सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जा रही है।