अपराधियों के घर बजा भोपू
मेरठ। लुटेरे और हिस्ट्रीशीटर को थाने में रसगुल्ले परोसकर माला पहनाने के मामले में 24 घंटे में ही पुलिस बैकफुट पर आ गई। एडीजी जोन ने पूरे मामले में पुलिस अधिकारियों को फटकार लगाई। साथ ही निर्देश दिए कि अपराधी की हर गतिविधि पर नजर रखी जाए। इसके बाद इंस्पेक्टर लिसाड़ीगेट ने रविवार को अपराधियों के घर के बाहर मुनादी कराते हुए भोपू भी बजवाया।
शनिवार को लिसाड़ीगेट थाने में 16 अपराधियों को पुलिस ने माला पहनाकर सम्मानित किया था। इन अपराधियों में सात हिस्ट्रीशीटर के अलावा लुटेरे, चेन स्नैचर और अन्य संगीन अपराध के मामले में आरोपी थे। पुलिस का तर्क था कि इन अपराधियों ने पिछले छह माह में कोई अपराध नहीं किया और ये अपना परिवार चलाने के लिए रोजगार कर रहे हैं। मामला एडीजी जोन प्रशांत कुमार तक पहुंचा तो पुलिस बैकफुट पर आ गई। जिसके बाद एडीजी ने पुलिस अफसरों को निर्देश दिए कि जो अपराधी है, पुलिस लगातार उसे वाच करेगी।
ये अपराधी हैं इनकी पहचान कर लो
इंस्पेक्टर लिसाड़ीगेट मोहम्मद असलम रविवार को महिला पुलिस और फोर्स के साथ समर गार्डन, फतेहउल्लापुर, लिसाड़ीगेट रोड पहुंचे। इस दौरान पुलिस ने अपराधियों के घर के बाहर मुनादी कराते हुए भोपू भी बजाया। इंस्पेक्टर ने कहा कि पड़ोस में रहने वाला लुटेरा है, इसकी हर गतिविधियों को आसपास के लोग समझ लें। घरों में किराए पर रहने वाले, रिश्तेदार और अन्य लोगों का पुलिस सत्यापन करेगी। बाहरी लोगों की आईडी, मोबाइल नंबर पुलिस को जरूर दें। पुलिस किसी भी समय किसी भी अपराधी के घर की तलाशी ले सकती है। अपराधी की जानकारी गोपनीय ढंग से पुलिस को दें। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध लोगों की तलाशी के साथ वाहनों की भी चेकिंग की।
जो भी अपराधी हैं पुलिस उनकी निगरानी करेगी। सत्यापन के लिए इंस्पेक्टर ने महिला पुलिस के साथ मुनादी कराकर अभियान चलाया है। अपराध करने वालों पर पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। - मान सिंह चौहान, एसपी सिटी