हल्द्वानी। गांधीनगर वार्ड नंबर एक में रविवार की रात लेनदेन के विवाद में वाल्मीकि और सोनकर समाज के लोगों में मारपीट और पथराव हो गया। इसमें चार लोग घायल हो गए। सोनकर पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष से हवाई फायरिंग भी की लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। सिटी मजिस्ट्रेट और एसपी सिटी ने मौके का जायजा लेने के बाद फोर्स को तैनात कर दिया है। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है।
गांधीनगर निवासी सोम सोनकर ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसके भाई आदित्य को शिवा से अपना 34 हजार रुपये बकाया लेना था। शिवा ने आदित्य को फोन कर रविवार की रात पाल कांप्लेक्स पर बुलाया। वहां शिवा के समर्थक पहले से मौजूद थे। आरोप है कि उन्होंने आदित्य पर हमला कर दिया। इसी मामले को लेकर गांधीनगर में पथराव और दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की गई। सोम का आरोप है कि नितिन, विपिन अंशुल और विपुल मारपीट में शामिल रहे।
इधर, दूसरे पक्ष से दयाराम पुत्र लाला राम ने भी तहरीर दी है। लाला राम का आरोप है कि उनके बेटे शिवा और भतीजे बृजेश कुमार को सोनकर पक्ष से जुड़े छोटू, मोहित, सोम और मनीष ने पाल कांप्लेक्स पर बुलाया था। मारपीट का यह मामला गांधीनगर में पथराव में तब्दील हो गया। घटना में घायल मोहित सोनकर का भोटिया पड़ाव स्थित एक निजी चिकित्सालय में इलाज चल रहा है। सोम सोनकर (21), राकेश सोनकर, बृजेश कुमार चौधरी ने अपना इलाज बेस चिकित्सालय में कराया है। पथराव की जानकारी मिलने ही शहर के तीन थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय, एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों के तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस दोनों पक्षों का मुकदमा दर्ज कर रही है। एसपी सिटी ने इस मामले में स्थानीय पुलिस को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।